ट्रैक्टर ट्रॉली के नीचे आया युवक
- फोटो : अमर उजाला
हनुमानगढ़ जंक्शन बस डिपो के पास गुरुवार एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मार्बल पत्थरों से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली स्पीड ब्रेकर पर पहुंचते ही अनियंत्रित हो गई और ट्रैक्टर का अगला हिस्सा अचानक से ऊपर उठ गया, जिससे उस पर बैठे तीन युवकों में से एक युवक नीचे गिर पड़ा और ट्रॉली के पिछले टायरों के नीचे आ गया। युवक का सिर टायरों में फंसने के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पूरी घटना पास की एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली में भारी मात्रा में मार्बल पत्थर लदे थे और वह शहर की ओर जा रही थी। जैसे ही चालक ने स्पीड ब्रेकर पर ब्रेक लगाए, ओवरलोडिंग की वजह से ट्रैक्टर का अगला हिस्सा हवा में उठ गया। इसी दौरान ट्रैक्टर पर बैठा एक युवक संतुलन खोकर नीचे गिर गया और यह हादसा हो गया।
ये भी पढ़ें: Alwar News: बस स्टैंड पर ठगों ने वृद्धा को बनाया निशाना, 13 लाख के गहनों से भरा लिफाफा बदलकर फरार
घटना के तुरंत बाद ट्रैक्टर पर सवार दोनों अन्य युवक मौके से फरार हो गए। सूचना पर जंक्शन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद शव को ट्रॉली के नीचे से निकाला। मृतक की जेब से कोई पहचान-पत्र नहीं मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है और मृतक की पहचान के साथ ही उसके साथियों की तलाश शुरू कर दी है।