विरोध प्रदर्शन करते हुए बैंक कर्मचारी।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर 27 जनवरी को पूरे देश में बैंक कर्मचारियों की देशव्यापी हड़ताल रहेगी। इसके चलते हनुमानगढ़ जिले समेत देशभर में बैंकिंग सेवाएं पूरी तरह प्रभावित होंगी। 24 जनवरी (चौथा शनिवार), 25 जनवरी (रविवार), 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) और 27 जनवरी (हड़ताल) लगातार चार दिन बैंक बंद रहेंगे।
तय की गई कार्यक्रम की रूपरेखा
हनुमानगढ़ में शनिवार को विभिन्न बैंक यूनियनों के पदाधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें हड़ताल के दिन के कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 27 जनवरी को सभी बैंक अधिकारी और कर्मचारी सुबह 10:30 बजे जंक्शन स्थित टाउन रोड पर पंजाब नेशनल बैंक के मंडल कार्यालय के सामने एकत्र होंगे और शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन करेंगे।इसके बाद एक रैली निकाली जाएगी, जो रेलवे स्टेशन होते हुए वापस मंडल कार्यालय पर समाप्त होगी। प्रदर्शन के जरिए बैंककर्मी मुख्य रूप से पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था (5-डे वीक) लागू करने, कर्मचारी-विरोधी नीतियों को वापस लेने और श्रमिक हितों की अनदेखी के खिलाफ आवाज उठाएंगे।
ये भी पढ़ें:
अलवर में फोटो स्टूडियो पर दबंगों का हमला, 3 घायल, लाखों का नुकसान
'वादा पूरा नहीं हुआ'
राजस्थान प्रदेश बैंक एम्पलाइज यूनियन के क्षेत्रीय सचिव एवं पीएनबीईयू राजस्थान के डिप्टी जनरल सेक्रेटरी प्रदीप गोयल ने बताया कि दिसंबर 2023 में इंडियन बैंक एसोसिएशन (IBA) और UFBU के बीच 5-डे बैंकिंग पर समझौता हुआ था, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया। IBA ने मामला केंद्र सरकार पर छोड़ दिया, पर सरकार से कोई स्वीकृति नहीं मिली। मार्च 2025 में प्रस्तावित हड़ताल भी इसी आश्वासन पर टाली गई थी कि जल्द लागू किया जाएगा, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।