बाड़मेर पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप में फरार चल रहे आठ हजार रुपये के इनामी और वांछित अपराधी घमंडाराम को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी पर सिणधरी थाने में नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला दर्ज है। आरोपी घमंडाराम पिछले आठ महीने से फरार चल रहा था।
बाड़मेर जिले की पुलिस इन दिनों वांछित अपराधियों के विरुद्ध एक्शन मोड आकर खौफ पैदा कर दिया है। पुलिस के चलाए जा रहे ऑपरेशन धरपकड़ और शिकंजा में कई अपराधियों को पकड़ कर सलाखों के पीछे डाल दिया है। इसी के चलते बाड़मेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म के आरोप में फरार चल रहे 8 हजार रुपये के वांछित अपराधी घमंडाराम को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर सिणधरी थाना पुलिस में नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला दर्ज है।
12वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा दुष्कर्म के बाद हुई 8 माह की गर्भवती
जिले के सिणधरी पुलिस थाना में 12वीं क्लास में पढ़ने वाली नाबालिग बच्ची के परिजनों ने 30 अगस्त 2022 को मामला दर्ज करवाया था कि करीब 7-8 महीने पहले नाबालिग बच्ची स्कूल से घर जा रही थी। इस दौरान घमंडाराम (42 साल) पुत्र खेताराम निवासी-सड़ा, सफेद स्कार्पियो लेकर आया और उसने घर छोड़ने के बहाने से उसे बैठा लिया। फिर सुनसान जगह ले जाकर दुष्कर्म किया। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। डर के मारे नाबालिग बच्ची ने किसी को बताया नहीं। 7-8 माह की गर्भवती होने के बाद परिजनों को संदेह होने पर पूछताछ की और जांच करवाई, तो गर्भवती होने का पता चला और नाबालिग बच्ची से समझा बुझाकर पूछा तो पूरी घटना के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर पोक्सो में मामला दर्ज कर लिया, लेकिन आरोपी फरार हो गया था और पुलिस लगातार आरोपी को पकड़ने का प्रयास कर रही थी।
गुजरात पुलिस के सहयोग से डिसा से पकड़ा
आरोपी घमंडाराम हार्डकोर अपराधी है। इसके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं। आरोपी दुष्कर्म का मामला दर्ज होने के बाद फरार हो गया था। जिस पर बाड़मेर पुलिस अधीक्षक ने पांच हजार के इनाम की घोषणा की थी और बाद में जोधपुर रेंज आईजी ने बढ़ाकर 8 हजार का इनाम घोषित किया था। इसके बाद पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी, लेकिन आरोपी महाराष्ट्र, गोवा, तमिलनाडु कर्नाटक सहित कई राज्यों में अपने ठिकानों पर वेश बदलकर छिपता रहा और पिछले कुछ समय से आरोपी के गुजरात में होने के इनपुट के बाद पुलिस ने गुजरात पुलिस के सहयोग से आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की है।