राजस्थान में अशोक गहलोत सरकार के नए मंत्रियों के कामकाज का बंटवारा हो गया है। मुख्यमंत्री गहलोत ने वित्त और गृह विभाग सहित नौ विभाग अपने पास रखे हैं। वहीं, उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट को सार्वजनिक निर्माण विभाग सहित पांच विभाग दिए गए हैं। मुख्यमंत्री गहलोत की सलाह पर राज्यपाल कल्याण सिंह ने बुधवार देर रात मंत्रियों के विभागों बंटवारा कर दिया।
नई सरकार के 23 मंत्रियों ने सोमवार को शपथ ली थी। इसके बाद दो दिन तक इनके विभागों को लेकर नयी दिल्ली में मुख्यमंत्री गहलोत, उप मुख्यमंत्री पायलट की कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, प्रदेश प्रभारी अविनाश राय पांडे, पर्यवेक्षक के सी वेणुगोपाल के साथ कई दौर की बैठकें हुईं। बुधवार रात लगभग दो बजे विभागों की सूची जारी की गयी।
गहलोत ने वित्त और गृह विभाग के साथ आबकारी, आयोजना, नीति आयोजन, कार्मिक व सामान्य प्रशाासन विभाग अपने पास रखे हैं। कैबिनेट सचिवालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट को सार्वजनिक निर्माण विभाग,ग्रामीण विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, विज्ञान व प्रौद्योगिकी और सांख्यिकी विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री के अलावा 13 कैबिनेट और 10 राज्य मंत्रियों को विभागों का बंटवारा किया गया है।उल्लेखनीय है कि सोमवार को गहलोत सरकार के 13 कैबिनेट और 10 राज्य मंत्रियों सहित 23 मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई थी।
बी डी कल्ला को ऊर्जा, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, भू जल, कला साहित्य, संस्कृति और पुरात्तव विभाग, शांति धारीवाल को स्वायत्त शासन, नगरीय विकास एवं आवासन, विधि एवं विधिक कार्य, विधि परामर्श कार्यालय व संसदीय मामलात विभाग और मास्टर भंवर लाल को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता और आपदा प्रबंधन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।