राजस्थान के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज राज्य मंत्री धनसिंह रावत के बाद अब एक और भाजपा नेता व पूर्व विधायक जसवंत सिंह गुर्जर ने भड़काऊ भाषण दिया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जिला निर्वाचन अधिकारी को मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
जानकारी के अनुसार जसवंत सिंह गुर्जर ने धौलपुर जिले के बाड़ी में हुए स्वागत सम्मेलन में कहा कि मेरे किसी कार्यकर्ता को अगर किसी ने अंगुली भी लगा दी, तो उसके हाथ काट दूंगा। यह भी कहा कि यदि भाजपा के किसी कार्यकर्ता को किसी ने भी तू भी कह दिया, तो मैं लाशें बिछा दूंगा।
उन्होंने कहा कि यदि भाजपा कार्यकर्ता को किसी ने तू कह दिया तो में उसको घर से नहीं निकलने दूंगा। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी आनंद कुमार ने जिला निर्वाचन अधिकारी नन्नूमल पहाड़िया और एसपी डी.डी. सिंह को जांच के निर्देश दिए हैं। वहीं गुरुवार को जसवंत सिंह गुर्जर के खिलाफ विवादास्पद बयान देने पर मामला दर्ज किया गया है।
हाल ही विधानसभा चुनाव में धर्म के आधार पर वोट मांग रहे राजस्थान सरकार में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज राज्य मंत्री धनसिंह रावत के खिलाफ गत सोमवार को आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज हुए है। रावत ने बांसवाड़ा की सभा में कांग्रेस को मुसलमानों की और भाजपा को हिंदुओं की पार्टी बताया था और हिन्दुओं से सनातन धर्म की रक्षा के लिए भाजपा के समर्थन में प्रचंड मतदान करने की अपील की थी।