राजस्थान में पांच हजार से अधिक पाकिस्तानी नागरिक अवैध रूप से रह रहे हैं। इनमें से अधिकांश भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे जिले जोधपुर, बाड़मेर व जैसलमेर में रह रहे हैं। खुफिया सूत्रों के मुताबिक अधिकतर पाकिस्तान नागरिक धार्मिक वीजा पर थार एक्सप्रेस से भारत पहुंचे, लेकिन वापस पाकिस्तान नहीं गए।
सूत्रों के मुताबिक भारत और पाकिस्तान के बीच अंतरराष्ट्रीय ट्रेन थार एक्सप्रेस करीब नौ वर्षों से चलाई जा रही है। इस ट्रेन के चलने से सर्वाधिक फायदा उन्हें हुआ, जिनके रिश्तेदार अंतरराष्ट्रीय सीमा के इस पार और उस पार रहते हैं। अधिकतर धार्मिक वीजा पर ही आते हैं और रिश्तेदारों से मिलकर लौट जाते हैं।
लेकिन थार एक्सप्रेस से आए हजारों पाकिस्तानी अवैध रूप से यहीं रुके हुए हैं। सुरक्षा एजेंसियां बार-बार इस जानकारी राज्य व केंद्र सरकारों को भेजती रहती हैं।