चुरू जिले के तारानगर में साहवा रोड पर मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक दुकान में कार में गैस भरते समय अचानक आग लग गई। चंद ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कार धूं-धूं कर जलने लगी। आग की चपेट में आकर दुकान में रखी दर्जनों इलेक्ट्रिक स्कूटी जलकर खाक हो गईं। साथ ही एक बाइक और एक अन्य कार भी आग की लपटों में आकर नष्ट हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेज थी कि उसने पास की दो से तीन दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, इसके बाद फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने में जुट गई। लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका थादुकान के अंदर रखा सारा सामान और बाहर खड़े वाहन जलकर कबाड़ में तब्दील हो गए।
पढ़ें: रणथंभौर में कार्तिक की बाघ के हमले में मौत नहीं 'हत्या' है...कब तक सहेगा राजस्थान? डोटासरा का हमला
हादसे में दुकान के पास स्थित एक पुस्तक विक्रेता की दुकान भी आंशिक रूप से प्रभावित हुई। हालांकि स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए समय रहते किताबों और अन्य सामान को बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। गनीमत यह रही कि आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, वरना दुकान में मौजूद एक भरा हुआ गैस सिलेंडर भी विस्फोट कर सकता था, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे के समय यह क्षेत्र अपेक्षाकृत खाली था, वरना आमतौर पर यहां स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में खड़े रहते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि साहवा रोड पर कई ऐसी दुकानें हैं, जहां अवैध रूप से वाहनों में गैस भरी जा रही है। यह हादसा इसी लापरवाही का परिणाम है। बावजूद इसके, प्रशासन इस ओर कोई गंभीर ध्यान नहीं दे रहा, जिससे भविष्य में और भी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।