राजस्थान में आटा-साटा और नाता समेत कई ऐसी कुप्रथाएं हैं जो लोगों के लिए परेशानी का कारण बनती हैं। खासकर इन कुप्रथाओं का शिकार महिलाएं होती हैं, जिन्हें इनती बड़ी कीमत चुकानी पड़ती है। प्रदेश के बूंदी जिले में भी एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने अपनी 17 साल की बेटी को तीन बार बेच दिया। बेटी की मां और भाई नाता प्रथा के तहत उसके छोड़कर चले गए थे। पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें पीड़ित बेटी का पिता भी शामिल है।
जानकारी के अनुसार घटना बूंदी के हिंडोली थाना इलाके की है। कुछ समय पहले 17 साल की बेटी को मां और उसके भाई पिता के पास छोड़कर चले गए थे। पीड़िता की मां नाता प्रथा के तहत किसी और के साथ रहने लगी थी।
इसके बाद पिता ने बेटी का तीन बार सौदा कर दिया। वह बेटी को अपने साथ तीर्थ स्थानों पर ले गया और उसे बेच दिया। किसी तरह पीड़िता ने घटना की जानकारी अपने जीजा को दी तो वह बाल कल्याण समिति के पास पहुंचा। जिसके बाद हिंडोली थाना पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। जांच के बाद पुलिस ने मामले में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
बतादें कि राजस्थान के कुछ जिलों और जातियों में नाता प्रथा का आज भी चलन है। इस प्रथा के तहत किसी युवक की पत्नी अपनी मर्जी से पति को छोड़कर किसी और के साथ रहने लगती है। ये सब आपसी सहमति के साथ होता है। इसकी को नाता प्रथा कहा जाता है।