पिछले महीने राजस्थान के भिवाड़ी में कथित तौर पर अपनी मोटर साइकिल से एक महिला को टक्कर मारने के बाद उस व्यक्ति को पीट-पीटकर मार डाला गया। उसके पिता को कथित तौर पर धमकी भरी कॉल मिल रही थी। जिसके बाद मृतक के पिता ने आत्महत्या कर ली है।
अलवर पुलिस के एसपी ने बताया कि हमें सूचना मिली कि मृतक हरीश जाटव के पिता रत्तिराम ने धमकी भरे कॉल से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। सूचना के बाद हम मौके पर पहुंचे और रत्तिराम को अस्पताल ले जाया गया। पुलिस जांच में जुटी हुई है।
गौरतलब है कि पिछले महीने मृतक हरीश जाटव भिवाड़ी से लौट रहा था। लौटते वक्त रास्ते में उसकी बाइक की टक्कर एक महिला से हो गई। जिसके बाद वहां उसकी पिटाई कर दी गई। पिटाई से उसकी मौत हो गई थी। जिसके बाद अगले दिन टक्कर लगने वाली महिला हकीमन और हरीश जाटव के पिता ने अलवर थाने में एफआईआर दर्ज करवाई थी।
जिस पर अलवर पुलिस अधीक्षक पारीस देशमुख ने बताया था कि मृतक के पिता का आरोप था कि उमर शेर नाम के एक व्यक्ति और उसके साथियों ने मिलकर उसके बेटे की पिटाई कर दी जिसके बाद उसकी मौत हो गई थी। वहीं हकीमन के पति का आरोप था कि हरीश ने शराब के नशे में उसकी पत्नी को अपनी तेज रफ्तार बाइक से टक्कर मार दी जिसके बाद हकीमन बेसुध हो कर गिर पड़ी।