राजस्थान के जयपुर में शुक्रवार को हुई भारी बारिश के कारण कई हिस्से जलमग्न हो गए। वहीं कानोता क्षेत्र में एक जीप के बह जाने से उसमें सवार तीन लोगों की मौत हो गई। कच्ची बस्ती से 50 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
जयपुर मौसम विभाग केंद्र के निदेशक आर एस शर्मा ने बताया कि पूर्वी राजस्थान के ऊपर एक चक्रवाती प्रवाह बना हुआ है। जयपुर और आसपास के इलाकों में पिछले 8-10 घंटों के दौरान कहीं-कहीं भारी और अति भारी बारिश दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को सुबह से शाम तक जयपुर में 132 मिलीमीटर और हवाई अड्डे पर 102.6 मिली मीटर बारिश दर्ज की गई।
वहीं जमवारामगढ में 250 मिलीमीटर, आमेर में 154 मिलीमीटर, शाहपुरा में 111 मिलीमीटर, बस्सी में 89 मिलीमीटर, सांगानेर में 70 मिलीमीटर,चाकसू-चौंमू में 54-54 मिलीमीटर, किशनगढ में 51 मिलीमीटर,और अन्य कई आसपास के स्थानों पर भी बारिश दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि डबोक में 62.4 मिलीमीटर, सीकर में 23.2 मिमी,बीकानेर में 14 मिमी,अजमेर में 1.9 मिमी, कोटा में 1.4 मिमी, चूरू में 0.2 मिमी, पिलानी में बूंदाबांदी दर्ज की गई।
जयपुर में हुई भारी बारिश के कारण शहर के कई हिस्से जलमग्न हैं। पानी के जमाव के कारण कई वाहन सड़कों पर फंस गए और यातायात बाधित हो गया। शहर के बाजारों में सड़क किनारे वाहन पानी में डूब गए। वहीं जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर चट्टान का एक हिस्सा टूटकर सड़क पर आने से यातायात बाधित हुआ है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान अजमेर,अलवर, बांसवाडा, बांरा,भरतपुर,भीलवाडा, बूंदी,चित्तोडगढ,दौसा, धौलपुर,जयपुर सहित 20 से अधिक जिलों में कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई है।