राजस्थान पुलिस ने सीमावर्ती बाड़मेर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र से मंगलवार देर रात एक ट्रक में आटे की बोरियों के बीच छिपाकर ले जाये जा रहे करीब 980 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद कर ट्रक चालक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी की इस वारदात के दौरान ट्रक को एस्कॉर्ट कर रही एक लग्जरी कार भी बरामद की है। जिला पुलिस अधीक्षक मनीष अग्रवाल ने बुधवार को बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर की गई नाकाबंदी के दौरान जोधपुर से कल्याणपुर की ओर आ रहे एक ट्रक की जांच में आटे के कट्टों के बीच छिपाकर ले जाया जा रहा करीब 980 किलो ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया।
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान ट्रक चालक द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं देने पर ट्रक की तलाशी ली गई, इस दौरान ट्रक में आटे की बोरियों के बीच छिपा कर रखा गया डोडा पोस्त बरामद किया गया। बरामद किए गए डोडा पोस्त की कुल मात्रा 980 किलोग्राम पाई गई, जिसकी अनुमानित कीमत लाखों रुपए है।
इस मामले में पुलिस ने जयपुर निवासी ट्रक चालक शिवराम को गिरफ्तार किया है। वहीं पुलिस ने ट्रक के एस्कॉर्ट का काम कर रही लग्जरी कार का पीछा कर बाड़मेर निवासी हनुमान राम और भोमाराम को भी गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
(इनपुट : भाषा)