धौलपुर जिले में कोतवाली थाना क्षेत्र के समोना गांव में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक विवाहिता ने चाय में सास-ससुर और जेठानी को जहर देकर खुद भी सेवन कर लिया। चारों की स्थिति नाजुक होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। अभी तक किसी भी पक्ष ने पुलिस में मामला दर्ज नहीं कराया है। जिला अस्पताल पर तैनात पुलिस ने पर्चा बयान लिए हैं।
विवाहिता के पति बृजेश ने बताया कि उसकी शादी छह महीने पूर्व मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के एक गांव में हुई थी। शादी के बाद से ही उसकी पत्नी ललितेश मानसिक रूप से परेशान रहती थी। पत्नी द्वारा आए दिन घर में झगड़ा भी किया जाता है। पति ने बताया, वह एवं उसका बड़ा भाई मजदूरी करने चले गए थे। इसी दौरान पत्नी ललितेश ने अपने ससुर, सास और जेठानी राजकुमारी को जहरीली चाय पिला दी, जिससे वे अचेत हो गए। तीनों को तत्काल जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
यह भी पढ़ें: रेवाड़ी होकर गुजरेंगी छह ट्रेनें, यूपी और राजस्थान के बीच होती हैं संचालित
इस घटना के बाद ललितेश ने स्वयं भी विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया, जिसके बाद पत्नी की भी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। सभी को अस्पताल में भर्ती करा दिया है। पत्नी सास एवं ससुर की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। अभी तक किसी भी पक्ष द्वारा मुकदमा दर्ज नहीं कराया है।
यह भी पढ़ें: दरिंदे महिला को बहला-फुसलाकर ले गए...और फिर कई जगहों पर ले जाकर चार दिन तक किया गैंगरेप
कोतवाली थाना प्रभारी हरि नारायण मीणा ने बताया, पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचकर पर्चा बयान लिए हैं। प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक गृह क्लेश का बताया जा रहा है। मामले की पुलिस जांच कर रही है। रिपोर्ट मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।