मृतक किशोर नदीम तथा शव की खोज में जुटी एसडीआरएफ टीम
- फोटो : अमर उजाला
धौलपुर जिले के सैंपऊ क्षेत्र में गुरुवार सुबह पार्वती नदी में नहाने के दौरान लापता हुए 16 वर्षीय किशोर नदीम का शव शुक्रवार दोपहर को घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर बरामद हुआ। यह दर्दनाक हादसा इलाके में हुई बारिश के बाद नदी में बढ़े जलस्तर और तेज बहाव के कारण हुआ, जिससे नदीम गहरे पानी में समा गया था।
हाजीपुर गांव के पास पानी में उतराता मिला शव
प्रशासन की ओर से लगातार 30 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद हाजीपुर गांव के पास नदी में बहता हुए एक शव दिखाई दिया, जिसे देख तुरंत एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस की टीम को सूचित किया गया। ग्रामीणों की सहायता से शव को बाहर निकाला गया और पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर सैंपऊ अस्पताल की मोर्चरी भिजवा दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है।
यह भी पढ़ें- Dholpur News: तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से शिक्षक की मौत, स्कूल से लौटते समय हुआ हादसा; मौके पर मचा हड़कंप
नदी में डूबे चार दोस्तों में ग्रामीणों ने बचाई तीन की जान
जानकारी के अनुसार, मृतक नदीम पुत्र वकील कुरैशी, निवासी मुस्लिम मोहल्ला, सैंपऊ, गुरुवार सुबह अपने चार साथियों के साथ पार्वती नदी में नहाने गया था। नहाने के दौरान सभी चार लड़के पानी के तेज बहाव में डूबने लगे। इसी बीच एक ग्रामीण फरिश्ता बनकर सामने आया, जिसने बिना समय गंवाए नदी में छलांग लगाई और तीन किशोरों को सकुशल बाहर निकाल लिया। लेकिन दुर्भाग्यवश नदीम गहरे पानी में बह गया और लापता हो गया।
30 घंटे तक जारी रहा रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना के तुरंत बाद प्रशासन हरकत में आया और एसडीआरएफ तथा सिविल डिफेंस की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान स्थानीय ग्रामीण भी मदद के लिए जुटे रहे। कई घंटों तक नदी में कांटे और जाल की मदद से शव की तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिल रही थी। अंततः 30 घंटे बाद हाजीपुर गांव के पास तेज बहाव में शव पानी की सतह पर तैरता दिखाई दिया।
यह भी पढ़ें- Salumbar News: तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से दस फीट दूर जाकर गिरी महिला, दो लोग गंभीर घायल; घटना CCTV में कैद
परिजनों में मातम, पूरे कस्बे में शोक का माहौल
जब नदीम का शव नदी से बाहर निकाला गया, तो मौके पर मौजूद परिजनों और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। पूरा सैंपऊ कस्बा इस दुखद घटना से आहत नजर आया।