पीहर पक्ष ने हत्या के संदेह में ससुराली पक्ष पर मुकदमा दर्ज करवाया
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के धौलपुर जिले के मनियां थाना क्षेत्र के दुबरा गांव में मंगलवार को 20 साल की विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। सीओ मनोज कुमार गुप्ता ने डेड बॉडी को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। घटना से मृतका के पीहर पक्ष को पुलिस ने अवगत कराया। बेटी की मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया। पीहर पक्ष ने ससुराली जनों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
मृतका के पिता राजू पुत्र कालू राम निवासी आगरा ने महिला थाने में दहेज हत्या का मामला दर्ज कराते हुए बताया कि दो साल पहले 14 सितंबर को उसने अपनी दोनों बेटी पूजा और ज्योति की शादी दुबरा गांव के दो सगे भाइयों के साथ की थी। शादी के बाद पूजा अपने पति अजय के साथ अलग रहती थी। जबकि छोटी बेटी ज्योति अपने पति शिवम के साथ घर पर ही रहती थी। पीड़ित पिता ने बताया कि दो महीने पहले छोटी बेटी ज्योति (20) पत्नी शिवम के लड़की होने के बाद ससुराल पक्ष के लोग पांच लाख रुपये का दहेज लाने के लिए दबाव बना रहे थे। दहेज ना लाने पर सास पुष्पा और ससुर गुड्डू के साथ ससुराल लोग आए दिन उनकी बेटी के साथ मारपीट करते थे। बेटी के साथ मारपीट की घटना के बाद ससुराली जनों से शिकायत भी की थी। समाज के पांच पटेलों को बिठाकर पंचायत का भी आयोजन किया गया था।
पीड़ित ने बताया 26 अगस्त को ससुराल पक्ष के लोगों ने दहेज के लिए पैसे ना लाने पर छोटी बेटी ज्योति की हत्या करने की धमकी दी थी। पीहर पक्ष ने आरोप लगाया कि बेटी की हत्या की धमकी देने के बाद आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया है। घटना को लेकर को लेकर सीओ मनोज कुमार गुप्ता ने बताया संदिग्ध हालातों में विवाहिता की मौत हुई है। मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम करा कर लाश को अंतिम संस्कार के लिए पीहर पक्ष को सुपुर्द कर दिया है। उन्होंने बताया दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।