मंडावर थाने के सामने युवक की संदिग्ध मौत के बाद शुरू हुआ धरना रविवार को समाप्त हो गया। पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद परिजन शव का पोस्टमार्टम करवाने के लिए राजी हुए। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।
खेत में मिला 30 वर्षीय युवक का शव, इलाके में फैली सनसनी
मंडावर थाना अधिकारी प्रवीण कुमार मीणा ने बताया कि खेड़ा कल्याणपुरा, खेड़ली सीमा के पास सड़क किनारे एक खेत में 30 वर्षीय राहुल उर्फ भानू पुत्र कृपाल मीणा का शव मिला था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई।
दो थानों की सीमा में उलझा मामला
गौरतलब है कि क्षेत्र दो थानों की सीमा पर होने के कारण करीब तीन घंटे तक शव खेत में ही पड़ा रहा। ग्रामीणों के विरोध के बाद मंडावर थाना पुलिस शव को वहां से लेकर आई और सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
हत्या का आरोप लगाकर थाने पहुंचे परिजन
सूचना मिलने पर मृतक के परिजन और ग्रामीण मंडावर थाने पहुंचे। मृतक की बहन ललिता मीणा पत्नी मोतीराम, निवासी ढूंढूपुरा, वैर, भरतपुर ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की शिकायत दी। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया और थाने के बाहर धरने पर बैठ गए।
यह भी पढ़ें:
अमित शाह और भजनलाल शर्मा पहुंचे अलवर, प्रदेश को दी 6,453 करोड़ की योजनाएं, कांग्रेस पर जमकर बरसे
काफी देर तक चली समझाइश
मामले की गंभीरता को देखते हुए दौसा के एडिशनल एसपी शंकर लाल मीणा और महवा सीओ अनूप सिंह मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने परिजनों से लगातार बातचीत कर समझाइश की। काफी देर तक चली वार्ता के बाद रविवार सुबह परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए। इसके साथ ही थाने के बाहर चल रहा धरना भी समाप्त हो गया।
अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज
पुलिस ने मृतक की बहन की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच मंडावर थानाधिकारी प्रवीण कुमार मीणा को सौंपी गई है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।