साढ़े पांच घंटे बाद झाड़ियों से बेसुध मिला बालक
- फोटो : अमर उजाला
दौसा जिले के मेहंदीपुर बालाजी क्षेत्र में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब डैडान गांव से 10 वर्षीय बालक के लापता होने और तेंदुए द्वारा उठाए जाने की आशंका फैली। सूचना तेजी से गांव और आसपास के इलाकों में फैल गई, जिसके बाद पुलिस, वन विभाग और सैकड़ों ग्रामीण पहाड़ी क्षेत्र की ओर तलाश में जुट गए।
लापता होने की घटना और अफवाहों से मची अफरातफरी
घटना मेहंदीपुर बालाजी थाना क्षेत्र के डेण्डा बसेड़ी गांव की है। शनिवार देर शाम गांव निवासी विशु प्रजापत की बकरी पहाड़ी इलाके में गुम हो गई थी। रविवार सुबह बकरी को ढूंढने के लिए परिवार के साथ 10वीं कक्षा का छात्र दिलकुश और उसकी बहन पहाड़ी की ओर गए थे। झाड़ियों के बीच बकरी का कंकाल मिलने के बाद दिलकुश कुछ ही देर में नजरों से ओझल हो गया और वापस नहीं लौटा। बहन द्वारा परिजनों को सूचना देने पर गांव में अफरातफरी मच गई।
तेंदुए के शिकार की आशंका से बढ़ी चिंता
ग्रामीणों के अनुसार शनिवार रात को तेंदुए ने बकरी का शिकार किया था। इसी वजह से बालक के लापता होने पर तेंदुए द्वारा शिकार किए जाने की आशंका जताई गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण डेण्डान गांव की पहाड़ी पर एकत्र हो गए और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया।
पुलिस-वन विभाग का सर्च ऑपरेशन
सूचना मिलते ही मेहंदीपुर बालाजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वन विभाग की टीम भी साथ लगी और ग्रामीणों के सहयोग से पहाड़ी क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब साढ़े पांच घंटे तक पूरे इलाके में तलाश जारी रही, जिससे क्षेत्र में लगातार तनाव का माहौल बना रहा।
यह भी पढ़ें- Sawai Madhopur News: रणथंभौर से खुशखबरी! बाघिन टी 2307 का चौथा शावक आया सामने, मॉनिटरिंग बढ़ी
झाड़ियों में बेसुध मिला मासूम
दोपहर करीब 2.30 बजे बालक पहाड़ी की झाड़ियों में बेसुध अवस्था में मिला। मौके पर मौजूद लोगों ने पहले उसे पानी पिलाया और सामान्य करने का प्रयास किया। इसके बाद उससे घटनाक्रम के बारे में जानकारी ली गई।
तेंदुआ देखकर छिपा, डर से नहीं निकला बाहर
मेहंदीपुर बालाजी थाना प्रभारी गौरव प्रधान ने बताया कि पूछताछ में बालक ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्र में उसे तेंदुआ दिखाई दिया था। डर के कारण वह झाड़ियों में छिप गया और घबराहट की वजह से बाहर नहीं निकल सका। इसी दौरान वह थकान और भय से बेसुध हो गया।
बालक को प्राथमिक सहायता के बाद सिकराय अस्पताल में भर्ती कराया गया। सिकराय क्षेत्र के वन विभाग रेंजर सतीश मीणा ने बताया कि तेंदुए की गतिविधियों को देखते हुए इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की गई है।