Dausa News: दौसा पुलिस ने दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पंजाब के पठानकोट से मुंबई ले जाई जा रही शराब की एक बड़ी खेप पकड़ी है। बरामद की गई अवैध शराब की अनुमानित कीमत 70 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देश पर की गई।
मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार
जिला स्पेशल टीम (DST) और बांदीकुई थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में शराब से भरे एक ट्रक को एक्सप्रेसवे पर रोका गया। जांच के दौरान ट्रक में चावल के कट्टों की आड़ में शराब की तस्करी की जा रही थी। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
चावल के कट्टों की आड़ में छिपाई गई थी शराब
एसपी सागर राणा के निर्देश पर बांदीकुई थाना प्रभारी जहीर अब्बास तथा डीएसटी के प्रदीप राव और लोकेश शर्मा की टीम ने देर रात यह कार्रवाई की। ट्रक की तलाशी लेने पर ऊपर और पीछे की ओर चावल के कट्टे रखे मिले, जबकि नीचे अंग्रेजी शराब के कार्टन भरे हुए थे।
तीन ब्रांड की 1,000 से अधिक पेटियां बरामद
ट्रक चालक से पूछताछ में सामने आया कि वह पंजाब के पठानकोट से अवैध शराब मुंबई ले जा रहा था। पुलिस ने ट्रक को दौसा सदर थाने में खाली करवाया, जहां तीन अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब की एक हजार से अधिक पेटियां बरामद की गईं।
ये भी पढ़ें:
रेल ट्रैक के दोनों ओर पक्की सुरक्षा दीवार का निर्माण शुरू, रास्ते बंद होने से परेशानी बढ़ी
तस्करी गिरोह की जांच में जुटी पुलिस
पकड़ी गई शराब की अनुमानित कीमत 70 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। पुलिस अब इस अवैध शराब तस्करी से जुड़े गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने में जुटी हुई है।