आरोपियों का जुलूस निकलती दौसा पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
खाकी ने इन दिनों अपराध पर नियंत्रण करने के लिए एक नया तरीका अपनाया है। आरोपियों का जुलूस निकालकर उन्हें सबक सिखाया जा रहा है। ऐसा ही एक जुलूस सोमवार को गुढ़ा कटला में निकाला गया। जिले में अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए गुढ़ा कटला पुलिस ने जुलूस निकालकर अपराधियों से माफी मंगवाई। बसवा पुलिस ने शुक्रवार को बुजुर्ग महिला के कड़े काटने के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें गुढ़ा कटला निवासी 25 वर्षीय महेश प्रजापत और महवा के रूध का नगला निवासी 20 वर्षीय देवीराम प्रजापत शामिल हैं।
बदमाशों का वारदात वाली जगह निकाला गया जुलूस
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक चांदी का कड़ा और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक जब्त की है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का कस्बे में पैदल जुलूस निकाला। इस दौरान ग्रामीणों ने नारे लगाकर पुलिस का जोरदार स्वागत किया, वहीं आरोपी हाथ जोड़कर माफी मांगते नजर आए।
‘अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है’
जुलूस के दौरान बदमाश घुटनों के बल चलते नजर आए। बसवा थाना प्रभारी हनुमान सहाय ने बताया कि जिस जगह आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया था, उसी स्थान पर वे हाथ-पैर जोड़कर माफी मांगते दिखाई दिए। जुलूस के दौरान आरोपी लगातार कहते रहे, “अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है।”
200 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पकड़े गए आरोपी
पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देश पर जिले में हुई चोरी की घटना के बाद बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस ने 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साइबर सेल की मदद से पुलिस को आरोपियों को पकड़ने में सफलता मिली।
ये भी पढ़ें:
ढाबे में रोटी नहीं, बिकता था नशा! बुलडोजर चला तो मलबे में बदल गया भंवरलाल का अड्डा
ग्रामीणों ने पुलिस टीम का किया स्वागत
शुक्रवार शाम कस्बे में बड़ी संख्या में लोग आरोपियों को देखने के लिए एकत्रित हुए। लोगों ने मकानों की छतों पर चढ़कर पुलिस प्रशासन के समर्थन में नारे लगाए और पुलिस टीम का स्वागत किया।