दौसा बालाजी पुलिस ने बदमाश की बाजार में कराई परेड
- फोटो : अमर उजाला
दौसा जिले में पुलिस पर जानलेवा हमले के मुख्य आरोपी दिलखुश मीना उर्फ डीके दांतली को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने कुछ दिन पहले मेहंदीपुर बालाजी थाना क्षेत्र में पुलिस की गाड़ी को टक्कर मारकर पुलिसकर्मियों की जान लेने की कोशिश की थी। रविवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने के बाद मुख्य बाजार में परेड कराई, जहां आरोपी लोगों से अपराध न करने की अपील करता नजर आया।
पुलिस की गाड़ी को टक्कर मारने वाला आरोपी निकला अपहरणकर्ता
थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तारी से पहले आरोपी ने करौली जिले के बालाजी बायपास से एक युवक का अपहरण किया था। आरोपी ने अपहृत युवक के परिजनों से 50 हजार रुपये की फिरौती मांगी थी। पुलिस को सूचना मिली तो तुरंत घेराबंदी कर कार्रवाई की गई। मेहंदीपुर बालाजी पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया और अपहृत युवक को सुरक्षित छुड़ा लिया।
मुख्य बाजार में परेड कराई, अपराधियों को दी नसीहत
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी दिलखुश मीना उर्फ डीके की मेहंदीपुर बालाजी मुख्य बाजार में परेड कराई। इस दौरान आरोपी लंगड़ाते हुए चलता रहा और हाथ जोड़कर अपराध न करने की बात दोहराता रहा। पुलिस ने बताया कि इस परेड का उद्देश्य समाज में अपराध के खिलाफ जागरूकता फैलाना और अपराधियों में भय पैदा करना था।
यह भी पढ़ें- घर में जिंदा जले भाई: सुबह अचानक भीषण आग की लपटों में घिरा मकान, दो लोगों की मौके पर मौत; तीसरा गंभीर
2 अक्तूबर को पुलिस पर किया था हमला
जानकारी के मुताबिक, मामला 2 अक्तूबर का है, जब पुलिस को खेड़ा पहाड़पुर के पास एक होटल पर झगड़े की सूचना मिली थी। हेड कॉन्स्टेबल कुलदीप जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तभी आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर ही गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। पुलिस वाहन को टक्कर मारने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। इस मामले में पहले ही दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी, जबकि मुख्य आरोपी डीके अब पुलिस की गिरफ्त में है।
जीरो एफआईआर दर्ज, जांच टोडाभीम पुलिस को सौंपी गई
थाना प्रभारी ने बताया कि अपहृत युवक के परिजनों ने बालाजी थाने में आरोपी डीके के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया। वहां से जीरो एफआईआर दर्ज कर केस टोडाभीम थाने भेजा गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिल सके।
यह भी पढ़ें- Barmer News: मेडिकल कॉलेज में SDM पर डॉक्टर से दुर्व्यवहार का आरोप, भ्रष्टाचार जांच के लिए पहुंची थी टीम