जिले के लालसोट में शुक्रवार सुबह कल्लावास, कालुवास, सोनड और सिसोदिया गांवों में बिजली चोरी की जांच करने के लिए पहुंची विजिलेंस टीम पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने टीम को घेर लिया और लालसोट विधायक को इसकी सूचना दी।
मौके पर पहुंचे विधायक रामविलास मीणा ने विजिलेंस टीम को घेरकर बैठे लोगों से जानकारी ली उसके बाद टीम को बहुत देर तक बैठाकर रखा। विधायक ने अवैध रूप से वी.सी.आर. भरने पर नाराजगी जताते हुए ग्रामीणों से कहा कि ऐसे लोग आएं तो इन्हें पेड़ से बांध दो।
विधायक ने कहा कि ये फर्जी वीसीआर के नाम पर लोगों से पैसे वसूल करते हैं। जहां भी लालसोट में वीसीआर भरने वाला आता है, तो आपको डरने की जरूरत नहीं है। उस वीसीआर भरने वाले को पकड़कर मुझे फोन करना। मैं 10 मिनट में वहां पहुंच जाऊंगा। उसकी गाड़ी के दोनों पहियों से हवा निकाल दो।
ये भी पढ़ें: Rajasthan: ‘मालपुरा में आजादी के 75 वर्षों में 800 हिंदू परिवारों का पलायन’, 22 दिसंबर को जन आंदोलन का
मीणा ने कहा कि बिजली विभाग का कोई भी अधिकारी अगर लालसोट विधानसभा में वीसीआर भरने की कार्रवाई करता है, तो उस अधिकारी को वहां बैठाना है। गाड़ी की हवा निकालनी है और ज्यादा बदमाशी करे तो उसे पेड़ से बांध दो। आगे जो होगा देखा जाएगा। मुझे तुरंत सूचना किया करो, अगर मैं जयपुर में भी होऊंगा तो आ जाऊंगा। आज भी मेरे कार्यकर्ताओं ने चारों तरफ से घेरकर इन्हें पकड़ा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि महवा क्षेत्र से सहायक अभियंता के नेतृत्व में आई विजिलेंस टीम ने कई गांवों में फर्जी वीसीआर भरने के नाम पर लगभग 50 हजार रुपए की अवैध वसूली की है।
इधर विजिलेंस टीम में आए सहायक अभियंता मुकेश मीणा ने बताया कि उच्च अधिकारियों के आदेश की पालना व बिजली चोरी की जांच करने के लिए पहुंचे थे, जहां हमें विधायक रामविलास मीणा ने बैठा लिया। इस दौरान विधायक रामविलास मीणा भी अपनी जनसुनवाई करने लगे। हमारे द्वारा फर्जी वीसीआर नहीं भरा गया और जो आरोप लगाए गए हैं, वो झूठे हैं।