रोडवेज का मुख्य प्रबंधक रिश्वत लेते गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
दौसा में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के मुख्य प्रबंधक विश्राम मीणा को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी ने परिवादी के मेडिकल अवकाश को स्वीकृत करने के बदले यह राशि मांगी थी।
एसीबी महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी की हेल्पलाइन नंबर 1064 पर एक परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी। परिवादी 18 दिसंबर 2025 से बीमारी के कारण मेडिकल अवकाश पर था। 19 जनवरी 2026 को स्वास्थ्य ठीक होने के बाद उसने ड्यूटी जॉइन की और सभी चिकित्सकीय दस्तावेज कार्यालय के बाबू को सौंप दिए थे।
जब परिवादी ने अपने मेडिकल अवकाश को स्वीकृत करवाने के लिए मुख्य प्रबंधक विश्राम मीणा से संपर्क किया तो आरोपी ने इसे पास करने के बदले 20,000 रुपये की रिश्वत मांगी और उसे लगातार परेशान करता रहा।
ये भी पढ़ें: Dausa News: डिवाइडर से टकराकर बेकाबू हुआ ट्रक, पुलिस वाहन में जा घुसा; एसआई समेत चार पुलिसकर्मी घायल
एसीबी चौकी अलवर प्रथम द्वारा 2 अप्रैल और 7 अप्रैल को शिकायत का सत्यापन किया गया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद उप महानिरीक्षक पुलिस अनिल कयाल के सुपरविजन में ट्रैप की योजना बनाई गई। बुधवार को अलवर प्रथम के प्रभारी एवं उप अधीक्षक पुलिस शब्बीर खान के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए विश्राम मीणा को परिवादी से रिश्वत के रुपये लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ जारी है। एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। आरोपी के आवास और अन्य ठिकानों पर तलाशी की कार्रवाई भी की जा सकती है।