जिला अस्पताल का निरीक्षण करते मंत्री किरोड़ी लाल मीणा
- फोटो : credit
दौसा जिला अस्पताल की सफाई व्यवस्था का सच तब सामने आ गया जब मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने शनिवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में जगह-जगह फैली गंदगी और अव्यवस्था देखकर मंत्री का माथा ठनक गया। जब पीएमओ ने सफाई को लेकर नियमित कार्य होने का दावा किया, तो मंत्री ने मौके पर ही अस्पताल की असलियत उजागर कर दी।
‘भजनलाल’ लिखते ही खुल गई पोल
अस्पताल में अव्यवस्था देखकर मंत्री ने अधिकारियों को तलब किया। अधिकारियों ने बचाव में कहा कि अस्पताल में नियमित सफाई होती है। इस पर मंत्री ने अस्पताल के रैंप के पास लगे शीशे के गेट पर जमी धूल पर अपनी उंगली से ‘भजनलाल’ लिख दिया। धूल की परत इतनी मोटी थी कि लिखा गया नाम साफ दिखाई देने लगा। यह दृश्य देखकर पीएमओ निरुत्तर रह गए और अस्पताल प्रशासन की सुस्त कार्यशैली खुलकर सामने आ गई।
सुधार के नाम पर ठप रवैया
मंत्री की नाराजगी और चेतावनी के बावजूद अस्पताल प्रशासन पर कोई असर नहीं दिखा। निरीक्षण के 24 घंटे बीतने के बाद भी अस्पताल में सफाई नहीं करवाई गई। इससे स्पष्ट हो गया कि जिम्मेदार अधिकारी स्थिति सुधारने के प्रति गंभीर नहीं हैं। मंत्री ने गंदगी का प्रमाण खुद दिखाकर प्रशासन को शर्मिंदा किया, लेकिन इसके बावजूद हालात जस के तस बने रहे।
यह भी पढ़ें- Rajasthan News: जयपुर में दर्दनाक हादसा, रिंग रोड से बेकाबू कार गिरी; दो परिवारों के सात लोगों की मौत
विधायक ने भी जताई नाराजगी
मंत्री के निरीक्षण के अगले दिन दौसा विधायक ने भी अस्पताल का दौरा किया। यहां भी भारी गंदगी देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। यही नहीं, निरीक्षण में यह भी सामने आया कि डॉक्टर मरीजों को बाहर से दवाई लिख रहे हैं, जिस पर विधायक ने तीखी आपत्ति दर्ज कराई।
यह भी पढ़ें- Alwar Accident: गोगामेड़ी दर्शन को जा रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी पलटी, दो लोगों की मौत; कई घायल