दौसा जिले के लालसोट के रामगढ़ पचवारा थाना क्षेत्र में मोटर साईकिल सवार युवक के साथ बदमाशो ने लाठी सरियों से मारपीट कर सोने की चैन और नगदी लूटने की घटना सामने आई है। कोलीवाड़ा गांव निवासी सोहन लाल सैनी ने पुलिस को सौंपी रिपोर्ट में बताया कि रात करीब 9:30 से 10:00 बजे के बीच पत्नी नारंगी देवी, पुत्र अनिल सैनी और पुत्री अंजली सैनी एक सामाजिक कार्यक्रम से बाइक पर अपने घर लौट रहे थे।
चलती बाइक रोकने की कोशिश, फिर अचानक हमला
सलेमपुरा से पहले बामन का नाला के पास तीन युवकों ने उनकी बाइक रोकने का प्रयास किया। जब बाइक नहीं रुकी, तो आरोपियों में शामिल मानपुरिया निवासी दिलराज उर्फ दिल्लू मीणा ने चलती बाइक पर लाठी से अनिल सैनी के सिर पर वार कर दिया।
सिर पर वार से परिवार घायल, सड़क पर गिरी बाइक
इस हमले से अनिल गंभीर रूप से घायल हो गए और बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई। घटना में नारंगी देवी और अंजली सैनी को भी चोटें आईं।
सोने की चेन और नकदी लूटकर फरार हुए आरोपी
आरोप है कि इसके बाद तीनों युवकों ने नारंगी देवी के गले से करीब एक तोला सोने की चेन और अनिल सैनी की जेब से लगभग 7,500 रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
ये भी पढ़ें:
नौवीं पास बेटी ने प्रेमी को चुना, हाईकोर्ट में मां की याचिका खारिज; कोर्ट ने कहा- सोच-समझकर लें फैसले
घायल को अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच शुरू
बेहोशी की हालत में घायल अनिल सैनी को सलेमपुरा लाया गया। वहां मौजूद पुलिस वाहन की मदद से उन्हें राहुवास अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। सोहन लाल सैनी ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ लूट, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।