फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दौसा पंचायत चुनाव: छह पंचायत समितियों के 3.73 लाख मतदाता करेंगे मतदान, शाम छह बजे तक वोटिंग

Tue, 27 Oct 2026 10:03 PM IST
दौसा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दौसा

सार

राजस्थान के दौसा जिले में पंचायत आम चुनाव-2026 के दूसरे चरण के तहत छह पंचायत समिति क्षेत्रों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान हो रहा है। कुल 3,73,482 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक ईवीएम के जरिए होगा। बैजूपाड़ा, बांदीकुई, बसवा, महवा, मंडावर और मनोहरपुर खेड़ला में मतदान के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
 
विज्ञापन
दोसा मतदान दल रवाना,जानकारी लेती कलेक्टर
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजस्थान के दौसा जिले में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के लिए मंगलवार को मतदान हो रहा है। छह पंचायत समितियों के 98 वार्डों और जिला परिषद के 13 वार्डों में कुल 3 लाख 73 हजार 482 मतदाता अपने प्रतिनिधि चुनने के लिए वोट डालेंगे। इनमें 1,97,178 पुरुष और 1,76,304 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक ईवीएम के माध्यम से होगा। जिला प्रशासन ने मतदान दलों को निर्वाचन सामग्री के साथ केंद्रों पर रवाना कर दिया है।

विज्ञापन


6 पंचायत समितियों के 98 वार्डों में मतदान
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर डॉ. सौम्या झा के अनुसार, दूसरे चरण में बैजूपाड़ा, बांदीकुई, बसवा, महवा, मंडावर और मनोहरपुर खेड़ला पंचायत समिति क्षेत्रों में चुनाव हो रहा है। इन छह पंचायत समितियों के 98 वार्डों के साथ जिला परिषद के वार्ड संख्या 24 से 36 तक यानी 13 वार्डों में मतदान कराया जा रहा है।

इस चरण में कुल 3,73,482 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 1,97,178 पुरुष और 1,76,304 महिला मतदाता हैं। मतदान ईवीएम के माध्यम से शाम 6 बजे तक चलेगा।
विज्ञापन


बांदीकुई में सबसे ज्यादा 1.15 लाख मतदाता
पंचायत समिति क्षेत्रवार मतदाताओं की संख्या इस प्रकार है:

  • बैजूपाड़ा: 15 वार्ड, कुल 45,263 मतदाता। इनमें 24,036 पुरुष और 21,227 महिलाएं हैं।
  • बांदीकुई: 23 वार्ड, कुल 1,15,222 मतदाता। इनमें 60,138 पुरुष और 55,084 महिलाएं हैं।
  • बसवा: 15 वार्ड, कुल 51,687 मतदाता। इनमें 27,449 पुरुष और 24,238 महिलाएं हैं।
  • महवा: 15 वार्ड, कुल 63,204 मतदाता। इनमें 33,254 पुरुष और 29,950 महिलाएं हैं।
  • मंडावर: 15 वार्ड, कुल 40,740 मतदाता। इनमें 21,673 पुरुष और 19,067 महिलाएं हैं।
  • मनोहरपुर खेड़ला: 15 वार्ड, कुल 57,366 मतदाता। इनमें 30,628 पुरुष और 26,738 महिलाएं हैं।


इन आंकड़ों के अनुसार, बांदीकुई पंचायत समिति क्षेत्र में सबसे ज्यादा 1,15,222 मतदाता हैं, जबकि मंडावर में 40,740 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।

30 अक्टूबर को सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि दूसरे चरण में 30 अक्टूबर को सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान होगा। इस दौरान छह पंचायत समितियों की कुल 141 ग्राम पंचायतों में सरपंच और 1,223 वार्डों में पंच चुने जाएंगे। इन पदों के लिए मतदान मतपत्रों के माध्यम से होगा।

क्षेत्रवार कार्यक्रम के अनुसार, बैजूपाड़ा की 18 ग्राम पंचायतों के 148 वार्डों, बांदीकुई की 44 ग्राम पंचायतों के 380 वार्डों, बसवा की 18 ग्राम पंचायतों के 166 वार्डों, महवा की 23 ग्राम पंचायतों के 201 वार्डों, मंडावर की 15 ग्राम पंचायतों के 133 वार्डों और मनोहरपुर खेड़ला की 23 ग्राम पंचायतों के 195 वार्डों में चुनाव होगा।

मतदान के लिए पहचान पत्र जरूरी
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार, प्रत्येक मतदाता को मतदान के समय मतदाता फोटो पहचान पत्र यानी ईपीआईसी साथ लाना होगा। यदि किसी मतदाता के पास ईपीआईसी नहीं है, तो आयोग द्वारा मान्य वैकल्पिक पहचान दस्तावेजों में से किसी एक मूल दस्तावेज के जरिए पहचान साबित की जा सकती है।

इन दस्तावेजों में आधार कार्ड, मनरेगा कार्ड, फोटोयुक्त बैंक या डाकघर पासबुक, स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, आयुष्मान भारत हेल्थ कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, सरकारी सेवा पहचान पत्र, सांसद या विधायक पहचान पत्र तथा यूडीआईडी कार्ड शामिल हैं। मतदाताओं को मतदान केंद्र जाने से पहले जरूरी दस्तावेज साथ रखने चाहिए।

मतदान दलों को प्रशिक्षण के बाद केंद्रों पर भेजा
दूसरे चरण के चुनाव के लिए मतदान दल मंगलवार को पंडित नवल किशोर शर्मा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय से अंतिम प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद निर्वाचन सामग्री लेकर अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए।

इस दौरान जिला कलेक्टर डॉ. सौम्या झा, निर्वाचन पर्यवेक्षक गोपाल राम बिरदा और पुलिस अधीक्षक कुंदन कंवरिया ने रवानगी एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए। मौके पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद शर्मा, एडीएम लालसोट मनमोहन मीणा, जिला परिषद के सीईओ बिरदीचंद गंगवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

चुनाव संबंधी शिकायत के लिए नंबर जारी
जिला कलेक्टर डॉ. सौम्या झा ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस पर्व में उत्साहपूर्वक भाग लेने और अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील की है। उन्होंने मतदान केंद्र जाते समय पहचान पत्र साथ रखने की सलाह दी। निर्वाचन पर्यवेक्षक गोपाल राम बिरदा से संपर्क करने और चुनाव संबंधी शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। मतदाता 01427-294238 या मोबाइल नंबर 7014021914 पर संपर्क कर सकते हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें