दौसा शेरसिंह रजवास में चौरी का विरोध जताते लोग
- फोटो : अमर उजाला
दौसा जिले की ग्राम पंचायत शेर सिंह रजवास में गत रात्रि चोरों ने एक बाड़े में बंधी बकरियों को चोरी कर लिया। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए। लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ रोष जताते हुए नारेबाजी की।
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर नाराजगी
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ महीनों से चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन इसके बावजूद पुलिस की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसी नाराजगी के चलते ग्रामीणों ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई।
सूचना पर पहुंची पुलिस, ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
घटना की सूचना मिलते ही लवाण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। हालांकि ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस केवल वारदात के बाद पहुंचती है, जबकि चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए पहले से कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- Kotputli-Behror News: बेखौफ चोरों का कहर, देवशन-बाबरिया में सात दुकानों के शटर तोड़कर लाखों की चोरी
पुरानी चोरी का मामला अब तक अनसुलझा
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि करीब छह माह पहले रामफूल मीणा के यहां ढाई लाख रुपये की चोरी हुई थी, लेकिन उस मामले का अब तक खुलासा नहीं हो सका। इस वजह से गांव में असुरक्षा की भावना और अधिक गहराती जा रही है।
पुलिस गश्त पर उठे सवाल
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में पुलिस गश्त होने के बावजूद चोरी की वारदातें थम नहीं रही हैं। इससे पुलिस गश्त की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम उठाए जाते, तो इस तरह की घटनाओं को रोका जा सकता था।