सार
दौसा जिले के महवा थाना क्षेत्र के खावदा गांव में जमीन विवाद को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। फायरिंग और लाठी-डंडे चले। आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए, एक को गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया।
दौसा के महवा थाना क्षेत्र के खावदा गांव में शनिवार देर शाम जमीन के विवाद को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। दोनों पक्षों के बीच हुई झड़प में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। इस दौरान फायरिंग भी हुई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। फायरिंग की पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद
महवा सीआई राजेंद्र मीणा ने बताया कि खावदा गांव में जमीन को लेकर काफी समय से रंजिश चल रही थी। शनिवार शाम को यह विवाद अचानक बढ़ गया। आपसी कहासुनी के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाने लगे। झगड़े की सूचना मिलते ही महवा थाना प्रभारी राजेंद्र मीणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया।
पढ़ें: 'पड़ोसी देशों की तुलना में भारत की स्थिति बेहतर': गैस संकट के बीच केंद्रीय मंत्री शेखावत का बयान; कहा- सब ठीक
गंभीर घायल को जयपुर रेफर
इस झगड़े में श्याम सिंह गुर्जर पुत्र आराम सिंह निवासी खावदा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें महवा के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर होने पर जयपुर रेफर कर दिया गया। वहीं, दोनों पक्षों के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनका महवा जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
हाइवे पर मची अफरा-तफरी
झगड़े के दौरान दोनों पक्षों के लोगों ने हाईवे पर एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला किया। इससे हाईवे पर अफरातफरी मच गई और वाहन चालकों में भय का माहौल बन गया। अनहोनी की आशंका के चलते कई वाहन चालकों ने दूर ही अपने वाहन रोक दिए। फिलहाल गांव में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए खावदा चौराहे पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।