दौसा जिले के रामगढ़ पचवारा क्षेत्र के एक यू ट्यूबर को सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ रील बनाकर वीडियो वायरल करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यू ट्यूबर हरसहाय मीणा पिछले 2 साल से हथियारों की एडिटिंग करके अपने फोटो के साथ रील बनाकर वायरल करता था।
लोकसभा चुनावों के मद्देनजर अब पुलिस ऐसी हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर नजर रखे है, जिससे समाज में गलत मैसेज जाता हो। दौसा एसपी रंजीता शर्मा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि युवक हरसहाय मीणा, जो कि एक यू ट्यूबर है, लाइक्स और सब्सक्राइब्स बढ़ाने की चाह में हथियारों की एडिटिंग करके खुद की फोटो को साथ लगाकर सोशल मीडिया पर फोटो वायरल करता था ।
उधर लालसोट अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने बताया कि लगभग तीस हजार सब्सक्राइबर्स बना चुके हरसहाय मीणा का पुरानी आईडी बंद कर दिए जाने के बाद उसने नए फॉलोअर्स को जोड़ने के लिए इस तरह की रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करना शुरू कर दिया जो कि इसे महंगा पड़ गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लालसोट लोकेश सोनवाल ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की कोई भी ऐसी असामाजिक गतिविधि ना करें और ना ही कानून हाथ में लें। अन्यथा पुलिस द्वारा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।