हादसे के बाद घटनास्थल पर खड़ा डंपर और पास ही पड़ा हेलमेट
- फोटो : अमर उजाला
दौसा जिले में गुरुवार को एक बार फिर तेज रफ्तार डंपर ने कहर ढाया। सदर थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-21 स्थित भंडारेज मोड़ पर एक डंपर ने बाइक सवार दो सगे भाइयों को कुचल दिया। हादसे में बड़े भाई मोहनलाल महावर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छोटा भाई रामेश्वर महावर गंभीर रूप से घायल हो गया।
200 मीटर तक घसीटता ले गया डंपर, मौके पर मची चीख-पुकार
जानकारी के अनुसार, दोनों भाई गंगापुर सिटी निवासी थे और रिश्तेदारी से लौट रहे थे। जैसे ही वे भंडारेज मोड़ के पास पहुंचे, उसी दौरान तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और करीब 200 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसा इतना भयानक था कि मोहनलाल के शव के चिथड़े उड़ गए। मौके पर अफरातफरी मच गई।
स्थानीय लोगों में आक्रोश, प्रशासन पर लापरवाही के आरोप
घटना के बाद गुस्साए लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भंडारेज मोड़ पर अक्सर हादसे होते हैं, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। लोगों ने तुरंत स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके।
यह भी पढ़ें- Anta By-election 2025: बारां के मांगरोल में CM भजनलाल शर्मा ने किया रोड शो, वसुंधरा राजे भी रहीं मौजूद
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर कराया पोस्टमार्टम
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक का शव कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम के बाद शव सौंप दिया गया। घायल रामेश्वर का इलाज जारी है।
खेरली मोड़ पर भी हुआ एक और हादसा
उसी दिन सदर थाना क्षेत्र के खेरली मोड़ पर भी एक कार और मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। दोनों घटनाओं से इलाके में दहशत और रोष व्याप्त है।
यह भी पढ़ें- मातम से फीकी पड़ी CA बनने की खुशी: 'बेटी का रिजल्ट आने के बाद ही आऊंगा', एक दिन पहले ही टूट गईं पिता की सांसें