फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Dausa News: गैस की किल्लत ने जनता को किया बेहाल, एजेंसियों के बाहर लगी लंबी कतारें

Tue, 17 Mar 2026 02:43 PM IST
दौसा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दौसा

सार

दौसा जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की अचानक कमी के कारण सोमवार को शहर की एजेंसियों और गोदामों पर लंबी कतारें लग गईं। उपभोक्ताओं को घंटों लाइन में खड़े रहना पड़ा, कई लोगों को सिलेंडर नहीं मिला।
विज्ञापन
लाइन में लगे लोग - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दौसा जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की अचानक कमी के कारण सोमवार को हालात काफी परेशान करने वाले रहे। शहर की गैस एजेंसियों और गोदामों पर सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग गईं। सिलेंडर लेने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और युवा एजेंसियों के बाहर पहुंचे। भीड़ ज्यादा होने और अव्यवस्था की आशंका को देखते हुए कई जगह पुलिस की मौजूदगी में सिलेंडर का वितरण कराया गया।
विज्ञापन


भीड़ और अफरातफरी, घंटों इंतजार के बाद भी सिलेंडर नहीं

गैस की सप्लाई कम आने के कारण एजेंसियों के बाहर सुबह से ही सैकड़ों उपभोक्ता लाइन में खड़े रहे। कई लोग तो सुबह 7 बजे से ही अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। जैसे-जैसे दिन बढ़ा, भीड़ और बढ़ती चली गई। हालात यह रहे कि कई उपभोक्ताओं को घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद सिलेंडर नहीं मिल पाया। एजेंसी संचालकों ने बताया कि अफवाहों के चलते लोग बुकिंग करा रहे हैं, जिससे मांग चार गुणा बढ़ गई है। दौसा जिला मुख्यालय पर इंदिरा कॉलोनी स्थित गोदाम में सोमवार को 550 सिलेंडरों से भरी गाड़ी दो घंटे में ही खाली हो गई। रविवार को गाड़ी नहीं आने के कारण सोमवार को भीड़ और बढ़ गई।

सप्लाई कम, बुकिंग ज्यादा, वितरण में देरी

मांग ज्यादा होने के कारण उपभोक्ताओं को तुरंत सिलेंडर उपलब्ध कराना मुश्किल हो रहा है। पहले प्रतिदिन दो-तीन गाड़ियां आती थीं, अब केवल एक या दो गाड़ी ही आ रही हैं। जबकि पहले प्रतिदिन 300 के आसपास बुकिंग होती थी, अब 1000 से अधिक बुकिंग हो रही है। बुकिंग के बाद तीन से चार दिन में सिलेंडर डिलीवरी का नंबर आता है। कई उपभोक्ताओं ने ऑनलाइन बुकिंग भी कराई है, लेकिन डिलीवरी में देरी होने के कारण लोग सीधे एजेंसी पर आकर लाइन में खड़े हो रहे हैं। एजेंसी संचालकों का कहना है कि जैसे ही पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर की सप्लाई मिलेगी, वितरण की व्यवस्था सामान्य कर दी जाएगी।
विज्ञापन


ये भी पढ़ें:  पटना में बालू माफियाओं का पुलिस पर हमला, जवाब में कई राउंड फायरिंग; इलाके में मचा हड़कंप

महिलाओं और बुजुर्गों को भी हुई परेशानी

सिलेंडर लेने के लिए लगी कतारों में महिलाओं और बुजुर्गों की संख्या काफी ज्यादा रही। तेज धूप और लंबा इंतजार होने के कारण कई महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ बुजुर्ग सड़क पर ही बैठ गए। महिलाओं के लिए अलग लाइन न होने के कारण दिक्कतें हुईं।
विज्ञापन


उपभोक्ताओं का आरोप – कालाबाजारी और गड़बड़ी

उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस खत्म होने के कारण घरों में खाना बनाने तक की समस्या हो गई। मजबूरी में उन्हें एजेंसी पर आकर लाइन में लगना पड़ रहा है। गौरी शंकर पटेल और राजेंद्र कुमार ने बताया कि अमित गैस एजेंसी से उनके मोबाइल नंबर पर बुकिंग के बाद डिलीवरी का मैसेज आया, लेकिन सिलेंडर उनके घर नहीं पहुंचा। उन्होंने आरोप लगाया कि मिलीभगत से बुकिंग सिलेंडरों की कालाबाजारी हो रही है। लोग 1300 से 1500 रुपए तक एलपीजी गैस सिलेंडर ब्लैक मार्केट में बेचने का आरोप लगा रहे हैं। एजेंसियों को होम डिलीवरी के लिए पाबंद किया गया है। किसी भी उपभोक्ता के साथ गड़बड़ी हो रही है या सप्लाई कम होने की स्थिति में शिकायतें 01427-224903 पर दर्ज कराई जा सकती हैं। कौशल किशोर गुप्ता, डीएसओ दौसा ने कहा कि कालाबाजारी की जानकारी मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा और वितरण व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें