दौसा जिले के बांदीकुई उपखंड स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सांवलिया धाम करनावर में नौ दिन से चल रहा आस्था का संगम गुरुवार को पूर्णाहुति के साथ संपन्न हो गया। 16 सितंबर से शुरू हुए 52वें श्री विष्णु महायज्ञ के समापन पर आयोजित विशाल भंडारे में देर रात तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे का आयोजन इतने बड़े स्तर पर किया गया कि प्रसादी को सामान्य थालियों में रखने के बजाय ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरकर अलग-अलग पंडालों तक पहुंचाया गया और श्रद्धालुओं को पंगत में बैठाकर प्रसाद परोसा गया।
150 मण खीर और 110 मण पुए तैयार किए गए
आयोजन समिति के अनुसार, भंडारे के लिए 150 मण दूध की खीर और 110 मण आटे के पुए तैयार किए गए। इसके अलावा 11 क्विंटल दाल से सब्जी बनाई गई। इतनी बड़ी मात्रा में प्रसाद तैयार करने के लिए 100 से अधिक हलवाई बुधवार रात करीब 12 बजे से ही काम में जुट गए थे। धाम परिसर में पुए तैयार करने के लिए 10 और खीर बनाने के लिए 10 अलग-अलग स्थानों पर बड़ी भट्टियां लगाई गई थीं। यहां कारीगरों ने पूरी रात प्रसादी तैयार की। सुबह से ही प्रसाद को भंडारे के लिए निर्धारित पंडालों तक पहुंचाने का काम शुरू कर दिया गया।
आठ ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में रखी गई प्रसादी
भंडारे के लिए तैयार प्रसाद को रखने के लिए भी अलग व्यवस्था की गई थी। चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में पुए और चार ट्रॉलियों में खीर भरकर उन्हें अलग-अलग पंडालों में खड़ा किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं को पंगत में बैठाकर प्रसाद परोसा गया। आयोजन स्थल पर महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के बैठने के लिए तीन अलग-अलग पंडाल बनाए गए थे। प्रसाद परोसने की सेवा में 150 से अधिक स्थानीय युवा दिनभर जुटे रहे और श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से प्रसाद वितरित किया।
शाम तक 40 हजार, देर रात आंकड़ा 50 हजार के पार
आयोजन समिति के मुताबिक, शाम 5 बजे तक ही करीब 40 हजार श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर चुके थे। इसके बाद देर रात तक भंडारा चलता रहा और प्रसाद ग्रहण करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 50 हजार से अधिक पहुंच गई। बांदीकुई, बसवा, सिकंदरा सहित आसपास के दर्जनों गांवों से श्रद्धालु पैदल यात्राएं करते हुए सांवलिया धाम पहुंचे और धोक लगाई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से पूरे क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना रहा।
फूल बंगला झांकी के दर्शन के लिए लगी कतार
महायज्ञ के समापन अवसर पर सांवलिया जी महाराज की आकर्षक फूल बंगला झांकी सजाई गई। झांकी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महायज्ञ की पूर्णाहुति की गई। इसके बाद संतों ने विश्व कल्याण की कामना की।
भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम
भंडारे और झांकी के दर्शन के लिए उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी गई थी। डिप्टी एसपी लक्ष्मीकांत शर्मा और बसवा थाना प्रभारी नरेश शर्मा पुलिस जाब्ते के साथ दिनभर मौके पर मौजूद रहे। पुलिस टीम ने श्रद्धालुओं की भीड़ और यातायात को नियंत्रित करने के साथ आयोजन स्थल पर व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी संभाली।