दौसा जिले के बालाहेड़ी थाना क्षेत्र के पीपलखेड़ा गांव में सुनसान खेत में युवक की दो से तीन दिन पुरानी लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना इलाके में आग की तरह फैलने से मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। खेत में कई दिन पुराना युवक का शव मिलने की सूचना मिलते ही बालाहेड़ी थाना प्रभारी जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। युवक के शव को कब्जे में लेकर मौके पर एफएसएल टीम बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। शव की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है, जिसके चलते पुलिस आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटा रही है।
प्रथम दृष्टया कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा शव
बालाहेड़ी थाना अधिकारी जयपाल चौधरी ने बताया कि पीपलखेड़ा गांव के पास खेत में अज्ञात युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर जांच में प्रथम दृष्टया शव कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा है।
मॉर्च्युरी में रखवाया गया शव
पुलिस ने शव को महवा जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान और घटना के पीछे की परिस्थितियों की जांच में जुटी हुई है।
हाइवे के पास मिलने से हर एंगल से जांच
जयपुर-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग के नजदीक शव मिलने के कारण पुलिस हादसा, हत्या और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पुलिस हाइवे और आसपास के होटल-ढाबों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और लोगों से पूछताछ कर रही है।