जिले के बांदीकुई उपखंड में गुरुवार को बाइक चोरी के शक में एक युवक की मौत के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने पकड़कर युवक को पेड़ से बांध दिया था। पुलिस उसे छुड़ाकर अस्पताल लेकर पहुंची लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने मारपीट का आरोप लगाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अस्पताल में हंगामा कर दिया।
बसवा थाना के ड्यूटी ऑफिसर दारा सिंह ने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे सूचना मिली थी कि पंडितपुरा गांव में लोगों ने एक युवक को बाइक चोरी के शक में पकड़कर पेड़ से बांध रखा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान युवक की हालत बिगड़ी हुई थी। पुलिस ने उसे तत्काल सरकारी जीप से बसवा अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए बांदीकुई उप जिला अस्पताल रैफर कर दिया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान दिनेश मीणा (32) निवासी बसवा रोड, बांदीकुई के रूप में हुई है।
ये भी पढ़ें: बीकानेर में भीषण सड़क हादसा: यात्रियों से भरी ट्रैवलर और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत, तीन की मौत; कई लोग घायल
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में ग्रामीणों ने बताया कि दिनेश कथित रूप से बाइक चोरी कर पंडितपुरा गांव की ओर भाग रहा था। इस दौरान लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। शोर सुनकर मौके पर भीड़ जमा हो गई और युवक को पेड़ से बांध दिया गया। पुलिस जब मौके पर पहुंची और रस्सी खोलकर युवक को खड़ा करने की कोशिश की गई तो वह ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। बांदीकुई अस्पताल में युवक की जांच करने वाले डॉक्टर अचल शर्मा ने बताया कि युवक के शरीर पर रस्सी से बांधने के निशान मिले हैं। हालांकि बाहरी तौर पर गंभीर चोट के निशान नहीं मिले। उन्होंने कहा कि मौत गर्मी, अंदरूनी चोट या अन्य किसी कारण से हुई है या नहीं, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में रिश्तेदार अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने आरोप लगाया कि युवक के साथ मारपीट की गई, जिसके कारण उसकी मौत हुई। मृतक के मौसा जगमोहन ने कहा कि दिनेश निर्दोष था और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होने तक वे शव नहीं लेंगे।
परिजनों के विरोध और बढ़ते तनाव को देखते हुए अस्पताल परिसर में भारी पुलिस जाब्ता तैनात किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शंकरलाल मीणा भी बांदीकुई अस्पताल पहुंचे और परिजनों को निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। परिजनों के अनुसार दिनेश पहले अहमदाबाद में एक कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करता था और करीब दो महीने पहले ही बांदीकुई लौटा था। उसकी डेढ़ साल की एक बेटी है। पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। परिवार में दो छोटे भाई भी हैं।
बसवा थाना प्रभारी हनुमान सहाय ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि युवक के साथ किन-किन लोगों ने मारपीट की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।