दौसा जिले के बांदीकुई क्षेत्र में आभानेरी एमडीआर 48 से जयकिशन की ढाणी ढिगारिया कपूर तक संवेदक द्वारा रातोंरात सड़क बना दी गई। लेकिन अगली ही सुबह सड़क जगह-जगह से उखड़ गई। सड़क की हालत देखकर स्थानीय नागरिक मौके पर इकट्ठा हो गए और निर्माण में घटिया सामग्री इस्तेमाल होने का आरोप लगाया।
घटिया निर्माण पर ग्रामीणों का आक्रोश
ग्रामीणों ने बताया कि वे वर्षों से इस सड़क के निर्माण का इंतजार कर रहे थे। लेकिन जब ठेकेदार ने अचानक रात में काम शुरू किया, तो निर्माण गुणवत्ता को लेकर संदेह पैदा हुआ। सुबह आते ही सड़क वाहनों की आवाजाही के साथ उखड़ना शुरू हो गई, जिससे लोगों में गहरा आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने तुरंत उप-प्रधान धर्मेंद्र मीणा को शिकायत दी।
अधिकारी के खिलाफ नारेबाजी, कार्रवाई की मांग
मामले की जानकारी मिलते ही उप-प्रधान धर्मेंद्र मीणा मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच करने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग उठाई।
यह भी पढ़ें- जन्मदिन मनाना पड़ा भारी: जयपुर में गाजर का हलवा खाने से दस से ज्यादा पुलिसकर्मी बीमार, सैंपल जांच को भेजे गए
दो साल से ठप था निर्माण, एक रात में पूरा कर दिया गया
ग्रामीणों ने बताया कि इस सड़क का शिलान्यास पूर्व विधायक ओमप्रकाश हुडला ने 5 जनवरी 2023 को किया था, लेकिन इसके बाद दो साल तक कोई काम नहीं हुआ। अचानक बीती रात ठेकेदार द्वारा सड़क पूरी कर दी गई, जबकि अगली सुबह ही उखड़ने से साफ हो गया कि निर्माण मानकों के अनुरूप नहीं हुआ।
ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
मामले को लेकर दिनेशचंद सैनी, गिर्राज सैनी, दिनेश शर्मा, रामभरोसी मीणा, पूर्व सरपंच रमेश चंद मीणा, मोहन गर्जर, भम्पी परेवा, पार्वती देवी, राजन्ती देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जांच और कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।