जिले के लालसोट में रामगढ़ पचवारा थानांतर्गत सिंदोली गांव में एक विवाहिता ने दहेज उत्पीड़न से तंग आकर अपने पीहर में जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मृतका के परिजनों ने पति, सास, ससुर और अन्य ससुरालजनों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
एफएसएल और एमआईयू टीमों ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। मामले की जांच लालसोट डिप्टी एसपी दिलीप मीणा कर रहे हैं।
सिंदोली निवासी बनवारीलाल मीणा ने रामगढ़ पचवारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी बहन नारंगी मीणा की शादी 22 मई 2022 को रवि मीणा (निवासी सोनड) से हुई थी। शादी के कुछ ही समय बाद पति रवि मीणा, सास लाली देवी और तीन ननदें नारंगी को दहेज में फोर-व्हीलर और 5 लाख रुपए नकद लाने के लिए परेशान करने लगीं।
परिजनों ने कई बार रिश्तेदारों को साथ लेकर ससुराल पक्ष को समझाने की कोशिश की पर हर बार थोड़े दिन ठीक रहने के बाद फिर विवाद शुरू हो जाता था।
ये भी पढ़ें: Rajasthan News: दौसा में सड़क हादसा, बाइक सवार दो छात्रों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल
परिजनों के अनुसार नारंगी पढ़ाई में होशियार थी और शादी के बाद भी पढ़ाई जारी रखना चाहती थी ताकि सरकारी नौकरी हासिल कर सके लेकिन ससुराल पक्ष ने उसे आगे पढ़ने से रोक दिया। नारंगी ने इस बारे में कई बार अपने परिवार को बताया था।
करीब 10 दिन पहले पति और ससुराल वालों ने नारंगी के साथ मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद वह अपने मायके में रहने लगी। पीहर पक्ष ने गांव में सामाजिक स्तर पर बैठक बुलाकर समझाइश भी दी लेकिन ससुराल पक्ष ने कोई बात नहीं मानी।
25 नवंबर को नारंगी का पति रवि मीणा मायके पहुंचा और एक बार फिर दहेज की मांग को लेकर मारपीट व गाली-गलौज की। इससे आहत होकर नारंगी ने जहर खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
डिप्टी एसपी दिलीप मीणा ने बताया कि पीहर पक्ष की रिपोर्ट पर दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं और सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।