Dausa News: दौसा जिले के लालसोट उपखंड स्थित डिडवाना कस्बे की आडी नली वाली ढाणी में 27 वर्षीय विवाहिता रीना की आग से झुलसकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल पक्ष ने शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात कही है, जबकि मृतका के पिता ने दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है।
दौसा जिले के लालसोट उपखंड क्षेत्र के डिडवाना कस्बे की आडी नली वाली ढाणी में बुधवार सुबह एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में आग से झुलसकर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। परिजन भी सूचना पाकर अस्पताल पहुंच गए। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराकर शव पीहर पक्ष को सौंप दिया है तथा मामले की जांच जारी है।
विज्ञापन
पुलिस ने क्या बताया?
थानाधिकारी पवन कुमार ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे सूचना मिली कि आडी नली वाली ढाणी निवासी रीना (27) पत्नी प्रकाश सैनी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। मौके पर पहुंची पुलिस को ससुराल पक्ष ने बताया कि मकान की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, जिससे रीना झुलस गई। कमरे में रखी चारपाई और कपड़े भी जले हुए मिले।
चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
गंभीर रूप से झुलसी महिला को पुलिस जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पीहर पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। मृतका के पिता ने नामजद प्राथमिकी दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि विवाह के बाद से ही दहेज को लेकर उनकी बेटी को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था तथा उसके साथ मारपीट की जाती थी। उन्होंने जलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
विज्ञापन
दहेज की बात को आ रही सामने
प्राथमिकी के अनुसार वर्ष 2021 में रीना और उसकी बहन पूजा का विवाह डिडवाना निवासी पप्पूलाल सैनी के दो पुत्रों के साथ हुआ था। आरोप है कि विवाह के बाद से ही दोनों बेटियों को कम दहेज लाने की बात कहकर परेशान किया जाता रहा।
एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सीपा और नांगल राजावतान के डिप्टी एसपी दिलीप मीणा ने भी मौके का जायजा लिया। एफएसएल और एमओवी टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि अनुसंधान के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी। मामले की जांच डिप्टी एसपी स्तर पर की जा रही है।