दौसा के मेहंदीपुर बालाजी थाना इलाके में ट्रोले ने बच्चों से भरी स्कूल बस को टक्कर मार दी, जिसमें 16 स्कूली छात्र-छात्राएं घायल हो गए। घायलो में दो सगी बहनें भी हैं, जिन्हें गंभीर हालत में रेफर किया गया है।
बता दें कि मेहंदीपुर बालाजी थाना क्षेत्र नेशनल हाइवे-21 पर स्थित ठिकरिया के पास गुरुवार को एक स्कूली बस को ट्रोले ने टक्कर मार दी। हादसे में 16 स्टूडेंट घायल हो गए, जिन्हें बालाजी थाना पुलिस ने मानपुर अस्पताल में भर्ती कराया है। कंधे और सिर में गंभीर चोटें आने पर दो सगी बहनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
वहीं, हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर ट्रोला लेकर फरार हो गया, जिसे पुलिस ने पीछा कर लंगड़ा बालाजी के पास पकड़ लिया। ट्रोले को जब्त कर आरोपी ड्राइवर को हिरासत में लिया गया है। बस हादसे की सूचना मिलते ही मानपुर पुलिस उपाधीक्षक दीपक मीना, मानपुर थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह सहित बालाजी थाने के एएसआई मुकेश गुर्जर भी मानपुर अस्पताल में पहुंच गए। जहां उन्होंने घायल छात्र-छात्राओं की जानकारी ली।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि जीनियस पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल की बस गांव किरोड़ी, मीना सीमला, लंगड़ा बालाजी, गुर्जर सीमला और बालाजी मोड़ से स्कूली छात्रों को लेकर वापस मानपुर जा रही थी। इस दौरान ठिकरिया कट से बस जैसे ही मानपुर की तरफ घूम रही थी। तभी मानपुर से भरतपुर की तरफ जा रहे एक ट्रोले ने बस को पीछे से ठोक दिया, जिसके चलते बस का पिछला हिस्सा भी फट गया। इस सड़क दुर्घटना में 16 स्कूली छात्र-छात्राएं घायल हुए। बालाजी थाने के एएसआई शीशराम आर्य ने बताया कि हादसे में दो छात्र और 14 छात्राएं घायल हुई हैं।
ये बच्चे हुए हैं घायल
घायलों को मानपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें ममता मीना, रोहित मीना, कविता मीना निवासी खेड़ा पहाड़पुर, मधु योगी, रिया गुर्जर, अंजली गुर्जर निवासी गुर्जर सीमला, हिमांशी मीना, मीनाक्षी मीना निवासी गढ़ौरा, याचिका योगी, देवांश योगी, स्वाति योगी, जिया योगी, स्नेहा योगी, रियांशी योगी, शिवानी योगी और प्रिया योगी निवासी बालाजी घायल हुए हैं। वहीं, हिमांशी और मीनाक्षी दोनों सगी बहनें है और मीना सीमला की रहने वाली है, जिन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। सभी की उम्र लगभग 14 से 16 साल के बीच है।
घटना के बाद बस में मची चीख-पुकार
हादसे के बाद आसपास के इलाके में चीख-पुकार मची तो आसपास रहने वाले लोगों ने भागकर बस से घायल बच्चों को बाहर निकाला शरू किया। उधर, सूचना पर पहुंचे बालाजी थाने के एएसआई शीशराम आर्य ने स्थानीय लोगों की मदद से छात्रों को मानपुर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां कुछ बच्चों का इलाज किया जा रहा है और कुछ बच्चों को दौसा रेफर कर दिया गया है।