दौसा के पुलिस थाना नांगल राजावतान ने चोरी के प्रकरणों का खुलासा कर दो मुलजिमों को गिरफ्तार किया है, जिनसे जिला दौसा और जयपुर कमिश्नरेट इलाकों की करीब 10 वारदातों का खुलासा किया है। ये बदमाश सोती हुई महिलाओं के जंतर-लॉकेट गले से काटकर ले जाते थे।
बदमाश गोविन्दा उर्फ गोलू बावरिया थाना बस्सी में वान्टेड है। ये मुलजिम रात में बाहर सो रही महिलाओं के गले से जन्तर काटने की घटनाओं को भी अंजाम देते थे। दौसा एसपी वंदिता राणा के निर्देशन और वृत्ताधिकारी लालसोट अरविंद कुमार के नेतृत्व, उप निरीक्षक रविन्द्र कुमार को मिलाकर एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसने चोरी के विभिन्न मुकदमों में वांछित दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पिछले कई महिनों से थाना नांगल राजावतान, लवाण, बस्सी और दौसा के आसपास के थाना क्षेत्रों में रात के समय दो अज्ञात व्यक्तियों द्वारा मोटर साइकिल पर लगातार चोरी करने और ग्रामीण क्षेत्रों में घरों में बाहर खुले में सो रही महिलाओं के गले से जन्तर, मंगलसूत्र काटने की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा था।
29 मार्च 2023 को जगदीश मीना निवासी मलवास ढाणी नई कोठी थाना नांगल राजावतान ने मुकदमा दर्ज कराया, 28 मार्च 2023 की रात को मैं और मेरे परिवार के लोग बाहर सोये हुये थे और चाबी बाहर पाटोल में कूलर के ऊपर रखी हुई थी। रात को अज्ञात चोर ताला खोलकर सोने चांदी के जेवरात और नकदी चुरा ले गए। इतला पर प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान प्रारम्भ किया गया। चोरी की घटना का खुलासा करने के लिए थाना स्तर पर विशेष टीम का गठन किया गया। इलाका थाना और अन्य थानों में हुई चोरी की घटनाओं की डिटेल खंगाली गई तो विशेष टीम ने पाया कि दो अज्ञात व्यक्ति रात के समय मोटर साइकिल पर आते हैं और चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं।
इस पर परपंरागत पुलिसिंग और साइबर तकनीक, सीसीटीवी फुटेज का प्रयोग करते हुए 28 जून को चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले दोनों आरोपियों को मोटर साइकिल सहित बिगावास मोड से गिरफ्तार किया गया। इनसे थाना नांगल राजावतान और अन्य थाना इलाकों की करीब 10 चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है। मुलजिमों का न्यायालय से पुलिस रिमाण्ड प्राप्त कर अनुसंधान जारी है। अन्य कई घटनाओं का खुलासा होने की सम्भावना है।
ये हैं मुलजिम...
गोविन्दा उर्फ गोलू बावरिया पुत्र बन्ना उर्फ फौजी बावरिया जाति बावरिया उम्र 21 साल निवासी रानी की बीड ट्रक यूनियन के पीछे जयपुर रोड दौसा। जावेद खान पुत्र मुन्ना खान जाति मुसलमान उम्र 25 साल निवासी फलसा वाले बालाजी के पास कुम्हार मौहल दौसा।