राजस्थान विधानसभा चुनाव में सौ से अधिक दागी छवि वाले उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। बड़ी पार्टियों की बात की जाए, तो कांग्रेस और भाजपा ने भी 4 दर्जन दागियों को चुनावी मैदान में उतारा है।
इनमें हिस्ट्रीशीटरों सहित, दंगा भड़काने, बलात्कार, हत्या, हत्या का प्रयास, फायरिंग, धोखाधड़ी चौथवसूली जैसे गम्भीर आपराधिक आरोपों वाले भी शामिल हैं।
कांग्रेस ने एक कदम आगे बढ़कर दुष्कर्म, अपहरण और हत्या जैसे आरोप में जेल काट रहे पूर्व मंत्री व विधायकों के परिजनों को टिकट दी हैं।
कांग्रेस और भाजपा कई बार कह चुकी है कि दागियों को टिकट नहीं दिए जाने चाहिए, लेकिन चुनाव आने पर खुद पर इसे अमल नहीं कर पाई।
राजस्थान विधानसभा के पिछले चुनाव में ऐसे 31 उम्मीदवार जीतकर विधानसभा पहुंचे थे, जिनके खिलाफ आपराधिक मामले लम्बित थे और इनमें से 8 पर गम्भीर अपराध का आरोप था।
इस बार भी कहानी दुहराई गई है। इसी सरकार में मंत्री रहते अपने परिजनों व रिश्तेदारों को खान आवंटित करवाने के आरोप के चलते मंत्री पद से हटनेवाले भरोसीलाल जाटव को कांग्रेस ने हिंडौन से टिकट दिया है।
वहीं, पारसदेवी हत्या कांड में चर्चित रहे पूर्व मंत्री रामलाल जाट भी कांग्रेस से आसींद से टिकट लेने में कामयाब रहे।
कांग्रेस में मुख्य उदाहरण
प्रत्याशी.................सीट.............आरोप
राजेन्द्र गुढ़ा...........उदयपुरवाटी......हिस्ट्रीशिटर, हत्या का प्रयास व अन्य आरोप
गोविंद मेघवाल.......खाजूवाला.........हत्या का प्रयास
रमेश चंद मीणा......सपोटरा...........हत्या का प्रयास
जाहिदा खान..........कामां.............दंगा भड़काना (गोपालगढ़ प्रकरण)
उदयलाल आंजना....निम्बाहेड़ा.........दुष्कर्म
ब्रह्मदेव कुमावत.......मसूदा.............फायरिंग
अशोक चांदना........हिण्डोली...........फर्जी कागजों से हथियार खरीदने व अन्य आरोप
प्रकाश चौधरी........बड़ी सादड़ी.........स्प्रिट परिवहन
नईमुद्दीन गुड्डू......लाडपुरा..............चौथवसूली व धोखाधड़ी
भाजपा में दागी
राजेन्द्र राठौड़............चूरू...................दारिया एन्काउंटर प्रकरण
गुलाब चंद कटारिया....उदयपुर शहर........सोहराबुद्दीन एन्काउंटर प्रकरण
राजेन्द्र गुर्जर............देवली-उनियारा.......हत्या
अनीता सिंह.............नगर..................दंगा भड़काना (गोपालगढ़ प्रकरण)
शंकरलाल शर्मा.........दौसा..................धोखाधड़ी सहित चार मामले
जगदीश सैनी...........नवलगढ़...............धोखाधड़ी
दागियों के रिश्तेदार ठोक रहे हैं ताल
एएनएम भंवरी देवी अपहरण और हत्या कांड के आरोप में पूर्व जलसंसाधन मंत्र महिपाल मदेरणा और विधायक मलखान सिंह जेल में है।
कांग्रेस ने ओसियां सीट से मदेरणा की पत्नी लीला मदेरणा और लूणी सीट से मलखान सिंह की 80 वर्षीय मां अमरी देवी को टिकट दिए।
इधर, दूदू सीट से सरकारी आवास पर महिला से दुष्कर्म के आरोप में जेल में बंद पूर्व मंत्री बाबूलाल नागर के भाई जयपुर जिला प्रमुख हजारी लाल नगर को टिकट दे दिया।