जयपुर सेंट्रल जेल से जमानत पर छूटने के बाद वाहन चोरी की वारदातें करने वाले दो बदमाशों को पकड़ने में वैशाली नगर थाना पुलिस ने सफलता पाई है। आरोपी जेल में बंद साथियों के ईशारे पर चुराई गई गाड़ियों का सौदा अजमेर, सीकर व नागौर जिले में कर रहे थे।
उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चार दुपहिया वाहन व एक पिकअप बरामद की है। जयपुर कमिश्नरेट में डीसीपी पश्चिम अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी भागचंद बागड़ा और मुकेश उर्फ नन्छी जाट है। दोनों आरोपी बगरु के रहने वाले है। इलाके में वाहन चोरी की रोकथाम के लिए एडिशनल डीसीपी रतन सिंह के निर्देशन में एसीपी वेशाली नगर रामअवतार सोनी व थानाप्रभारी भोपाल सिंह भाटी के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।
पुलिस टीम को पता चला कि आरोपी भागचंद व मुकेश जाट तीन—चार माह पहले जेल से जमानत पर रिहा होकर बाहर आए है और तब से इलाकों में वाहन चोरी की वारदातें कर रहे है। पुलिस ने बदमाशों की गतिविधियों पर निगरानी रखी। आखिरकार उन्हें चोरी के वाहनों के साथ गिरफ्तार क लिया। पूछताछ में पश्चिम जिले के थाना इलाकों में एक दर्जन से ज्यादा वाहन चोरी की वारदातें करना बताया।
थानाप्रभारी भोपाल सिंह भाटी के मुताबिक दोनों शातिर वाहन चोर है। ये लोग जेल में सजायाफ्ता अपने साथियों से फोन पर संपर्क में रहते थे और उनके ईशारे पर चुराए गए वाहनों का नागौर, अजमेर और सीकर जिले में औनेपौने दामों में सौदा किया करते थे। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।