सीपी जोशी के बयान पर छिड़ा विवाद
- फोटो : Amar Ujala
राजस्थान विधानसभा चुनाव 2018 के प्रचार के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता डॉ. सीपी जोशी ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। सीपी जोशी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें यह अधिकार किसने दिया कि वो बताएं कि कांग्रेसी हिंदू नहीं हैं। जोशी ने कहा कि अगर धर्म के बारे में कोई जानता है तो वो पंडित और ब्राह्मण ही हैं।
राजस्थान के वरिष्ठ नेता सीपी जोशी ने बुधवार को अपने विधानसभा क्षेत्र नाथद्वारा में एक चुनावी सभा के दौरान कहा, "वो कहते हैं कि एक कांग्रेसी हिंदू नहीं हो सकता। उन्हें ऐसे प्रमाण पत्र जारी करने का अधिकार किसने दिया? क्या उन्होंने कोई विश्वविद्यालय खोला है? अगर धर्म के बारे में कोई जानता है तो वो पंडित/ब्राह्मण हैं।"
सीपी जोशी ने इस सभा में आगे कहा, "उमा भारती एक लोधी हैं और वो हिंदू धर्म की बात करती हैं। मोदी जी हिंदू धर्म की बात करते हैं। सिर्फ ब्राह्मण ही हैं जो इसके बारे में बात नहीं करते। देश को भ्रमित किया जा रहा है। धर्म और शासन दो अलग-अलग चीजें हैं। हर किसी को अपने धर्म के पालन का अधिकार है।"
बता दें कि भाजपा नेता अक्सर कांग्रेस पार्टी पर हिंदू विरोधी होने का आरोप लगाती रही है। यही नहीं कुछ दिनों पहले मध्यप्रदेश में चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने राहुल गांधी के ब्राह्मण होने पर सवाल किया था। पात्रा ने कहा, "उज्जैन जा रहे राहुल गांधी जी से हम पूछना चाहते हैं कि आप जनेऊधारी हैं? आप कैसे जनेऊधारी हैं, क्या गोत्र है आपका?"
नाथद्वारा में सीपी जोशी ने भाजपा को सरदार पटेल को लेकर दिए बयानों पर भी घेरा।
जोशी ने कहा, "सरदार पटेल जी पंडित नेहरू के मंत्रिमंडल में थे। पटेल जी के भारत को एकजुट करने की योजना को पंडित नेहरू का समर्थन था। उन्होंने पंडित नेहरू की सहमति के बिना कुछ भी नहीं किया। लेकिन ये लोग आज गलत जानकारी फैला रहे हैं कि दोनों की आपस में बनती नहीं थी।"