कांग्रेस पार्टी ने राजस्थान विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए हरियाणा के नेताओं पर खासा भरोसा जताया है। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा, प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय चौ. भजनलाल के पुत्र कुलदीप बिश्नोई और पार्टी प्रवक्ता एवं विधायक रणदीप सुरजेवाला का नाम राजस्थान के स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल है।इनके अलावा अहीरवाल क्षेत्र से संबंध रखने वाले पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव को भी चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बता दें कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कुलदीप बिश्नोई परिवार का राजस्थान के साथ पारिवारिक रिश्ता है।जब तक पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल जीवित रहे, कांग्रेस पार्टी ने अधिकांश चुनावों में उन्हें राजस्थान में अपने स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया था।वजह, राजस्थान में बिश्नोई समुदाय की बड़ी संख्या होना है।राजस्थान के बाद अगर कहीं पर ठीक-ठाक संख्या में बिश्नोई समाज है तो वह हरियाणा में है।इसी तरह पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के पुत्र एवं रोहतक लोकसभा क्षेत्र से सांसद दीपेंद्र हुड्डा की भी राजस्थान में राम प्रकाश मिर्धा की बेटी श्वेता के साथ हुई है।श्वेता की बहन ज्योति 15 वीं लोकसभा में नागौर से सांसद रही हैं।इनके परिवार का राजस्थान के जाट समुदाय में अच्छा असर माना जाता है।
भाजपा की ओर से हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर और वीके सिंह को स्टार प्रचारकों में जगह दी गई है।प्रदेश में खुद को बड़ा जाट नेता घोषित करने में लगे केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह को राजस्थान के चुनाव से दूर रखा गया है।पिछले दिनों बीरेंद्र सिंह ने रोहतक के सांपला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बुलाकर चौधरी छोटूराम की प्रतिमा का अनावरण कराया था।इनके अलावा हरियाणा सरकार में मंत्री कैप्टन अभिमन्यू और ओमप्रकाश धनखड को भी चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी नहीं दी गई है।उम्मीद थी कि प्रदेश के इन दोनों जाट नेताओं को राजस्थान भेजा जाएगा।