राहुल गांधी के साथ आरबीआई पूर्व गवर्नर रघुराम राजन।
- फोटो : सोशल मीडिया
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान में है। बुधवार को 10वें दिन यात्रा सवाई माधोपुर के भाडोति गांव से शुरू हुई। यात्रा में आरबीआई के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन भी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी के साथ लंबी चर्चा की, लेकिन इससे राजन भाजपा के निशाने पर आ गए। भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने राजन पर हमला बोला। उन्होंने ट्वीट कर लिखा- पूर्व आरबीआई गवर्नर रघुराम राजन कांग्रेस द्वारा नियुक्त किए गए थे। उनका राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होना कोई आश्चर्य की बात नहीं है। वह खुद को पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के तौर पर देखते हैं, उनकी यह कवायद अवसरवादी है।
भाजपा नेताओं के रघुराम राजन पर हमला करने बाद कांग्रेस नेता उनके सपोर्ट में आए। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने प्रेसवार्ता कर कहा कि जिस पार्टी (भाजपा) ने पिछले करीब आठ साल में देश की अर्थव्यवस्था को चौपट कर दिया है, उसके पास राजन से सवाल करने की हिम्मत नहीं है। सरकार का पूरा मंत्रिमंडल रघुराम राजन की क्षमता की बराबरी नहीं कर सकता। अगर, सरकार ने नोटबंदी पर राजन से सलाह ली होती तो देश की अर्थव्यवस्था इस संकट से बच जाती।
पवन खेड़ा ने कहा कि भाजपा नेताओं को परेशान होने की जरूरत नहीं है, वह राजन की सेवाएं ले सकती है। भाजपा औसत दर्जे की सरकार है, वह भूल जाती है कि वे आठ साल से सरकार में है। क्या नोटबंदी रघुराम राजन से पूछकर की गई थी। भारत जोड़ो यात्रा में आज रघराम राजनजी आए हैं, और भी कई बड़े कलाकार, लेखक और पत्रकार राहुल गांधी की यात्रा में शामिल होना चाहते हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हम देश की मजबूत अर्थव्यवस्था और विकास को फिर से प्राप्त करना चाहते हैं। आरबीआई के पूर्व गवर्नर और अर्थशास्त्री रघुराम राजन भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए इसकी हमें खुशी है।
शुक्रवार को यात्रा के 100 दिन पूरे
भारत जोड़ो यात्रा आज दौसा जिले में प्रवेश कर गई। लालसोट के बगड़ी गांव चौक में यात्रा को विश्राम दिया गया है। यात्रा दौसा में पांच दिन रहेगी। 16 दिसंबर शुक्रवार को यात्रा के 100 दिन पूरे हो रहे हैं। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बताया कि यात्रा के 100 दिन पूरे होने पर राहुल गांधी जयपुर जाएंगे। वहां राहुल और सभी यात्री सुनिधि चौहान के म्यूजिक इवेंट में शामिल होंगे।