सीएम अशोक गहलोत ने रविवार को जोधपुर में घोड़ा घाटी से मेहरानगढ़ किला तक 10.90 करोड़ रुपए की लागत से बने 2.3 किलोमीटर लंबाई के राव जोधा मार्ग के लोकार्पण किया। समारोह को संबोधित करते हुए गहलोत ने कहा कि राजस्थान का नाम पूरे देश में मॉडल स्टेट के रूप में उभर रहा है।
सीएम अशोक गहलोत ने कहा- राज्य सरकार ने जोधपुर के विकास में कोई कमी नहीं रखी है। उन्होंने कहा कि आज जोधपुर का नाम देश ही नहीं बल्कि दुनिया भर में प्रसिद्ध है। यहां की संस्कृति और संस्कार, अपणायत, खान-पान और जोधपुरी कोट जैसी विशेषताओं के चलते पूरी दुनिया में जोधपुर की अनूठी पहचान है। हमारे पूर्वजों ने इसे संजोया-संवारा है, जो आधुनिक जोधपुर में भी नजर आता है। उन्होंने कहा कि लम्बे समय से इस मार्ग के निर्माण की मांग चली आ रही थी। हम विकास के कार्यों को आगे बढ़ाते हैं।
इस मार्ग का निर्माण एक संदेश है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 565 वर्ष पूर्व बसा जोधपुर आज निरन्तर बढ़ता हुआ वर्तमान स्वरूप में आ पहुंचा है, जब दुनिया के नक्शे पर यह प्रमुखता से शुमार है। उन्होंने कहा कि 4 दशक पूर्व जोधपुर में पानी की समस्या थी और रेल सेवा भी सीमित ही थी। लेकिन, अब जोधपुर ऐसी चुनिंदा जगहों में शामिल है, जहां पानी की समस्या नहीं है। यहां इंदिरा गांधी नहर से पानी उपलब्ध हो रहा है । वहीं रेलवे की ब्रॉडगेज लाइन भी अब यहां उपलब्ध है।
जोधपुर में मारवाड़ मेडिकल यूनिवर्सिटी और दिव्यांगजनों के लिए महात्मा गांधी के नाम पर यूनिवर्सिटी खुलेंगी
गहलोत ने कहा कि मारवाड़ क्षेत्र में चहुंमुखी विकास हुआ है। वर्तमान में यहां पानी, बिजली शिक्षा, स्वास्थ्य की बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध हैं। देश-दुनिया के कई प्रतिष्ठित संस्थान यहां मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि आईआईटी का यहां स्थापित होना जोधपुर के लिये बड़ी उपलब्धि है। जोधपुर में सरदार पटेल के नाम से पुलिस विश्वविद्यालय खोला गया है। जोधपुर में मारवाड़ मेडिकल यूनिवर्सिटी खोलने की घोषणा की गई है, जो राज्य की दूसरी बड़ी मेडिकल यूनिवर्सिटी होगी। साथ ही, दिव्यांगजनों के लिए महात्मा गांधी के नाम पर विश्वविद्यालय भी यहां खोला जाएगा। उन्होंने कहा कि 600 करोड़ रुपये की लागत से फिनटेक यूनिवर्सिटी का कार्य भी शुरू हो चुका है।
पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण जोधपुर
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन की दृष्टि से भी जोधपुर का महत्वपूर्ण स्थान है। यूनेस्को को इसे हैरिटेज सिटी घोषित करना चाहिए।उन्होंने कहा कि जो इतिहास को याद रखता है वही इतिहास बना पाता है। जोधपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में महापुरूषों की स्मृति में पैनोरमा बनाये जा रहे हैं। यहां मेजर शैतान सिंह के नाम पर शहीद स्मारक एवं म्यूजियम के लिए 75 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है।
कानून बनाकर सामाजिक सुरक्षा दे केन्द्र सरकार
गहलोत ने कहा कि जिस प्रकार पूर्ववर्ती केन्द्र सरकार द्वारा रोजगार, सूचना, शिक्षा और खाद्य सुरक्षा के लिये कानून बनाये गए, उसी प्रकार वर्तमान केन्द्र सरकार को भी सोशल सिक्योरिटी एक्ट बनाकर इसे लागू करना चाहिये। उन्होंने कहा कि राज्य में बुजुर्ग, विधवा, एकल नारी दिव्यांगजनों समेत लगभग एक करोड़ लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन दी जा रही है। राज्य में पेंशन की न्यूनतम राशि भी बढ़ाकर 1000 रुपये की गई है। प्रभावी रूप से लागू हो रहे निर्णय मुख्यमंत्री ने कहा कि जोधपुर में लोगों की सेवा करते हुए उन्होंने जो अनुभव प्राप्त किये, वे आज पूरे राजस्थान के लोगों की सेवा में काम आ रहे हैं।
राजस्थान में जनहित में प्रभावी रूप से निर्णय लागू किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में महंगाई राहत कैम्प आयोजित कर आमजन को महंगाई से राहत दी जा रही है और लोग इससे बहुत खुश हैं। चिरंजीवी योजना के अंतर्गत 25 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा मिल रहा है, जो एक मिसाल है। राजीव गांधी स्कॉलरशिप फॉर एकेडमिक एक्सीलेंस योजना के अंतर्गत 500 विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए राज्य के खर्च पर विदेश भेजा जा रहा है। वहीं, अनुप्रति कोचिंग योजना में 30 हजार स्टूडेंट्स को कोचिंग करवाई जा रही है।
पूर्व सांसद गजसिंह (द्वितीय) ने राव जोधा मार्ग निर्माण के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया
कार्यक्रम में पूर्व सांसद गजसिंह (द्वितीय) ने राव जोधा मार्ग निर्माण के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। उन्होंने नई पर्यटन नीति का स्वागत करते हुए कहा कि इससे पर्यटन को गति मिलेगी। डॉ. महेन्द्र सिंह तंवर ने राव जोधा की जीवनी के बारे में
संक्षिप्त जानकारी दी। इस दौरान जोधपुर के विभिन्न सामाजिक संस्थानों ने नवीन सड़क के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।