इन्वेस्ट राजस्थान कैम्पेन को जारी रखते हुए राजस्थान सरकार प्रदेश में लगभग 1.36 लाख करोड़ रुपए के निवेश के लिए 23 जनवरी को एमओयू साइनिंग सेरेमनी करेगी। जयपुर में आयोजित इस समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री अशोक गहलोत करेंगे।
इस अवसर पर उद्योग और वाणिज्य मंत्री शकुंतला रावत, पर्यटन मंत्री विश्वेन्द्र सिंह और ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भंवर सिंह भाटी भी मौजूद रहेंगे। समारोह में रिन्यूएबल एनर्जी और पर्यटन क्षेत्र की 26 परियोजनाओं के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इससे राज्य में लगभग 13,000 डायरेक्ट और इनडायरेक्ट रोजगार पैदा होंगे।
सरकार का निवेशकों के साथ सस्टेनेबल पार्टनरशिप पर फोकस
उद्योग मंत्री शकुंतला रावत ने कहा कि, “राज्य के विकास के लिए राजस्थान सरकार निवेशकों के साथ सस्टेनेबल पार्टनरशिप बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इन्वेस्ट राजस्थान कैम्पेन हमें अपने स्टेकहोल्डर्स के साथ सहयोग करने और अपने वादों को पूरा करने में मदद कर रहा है।‘‘
इन्वेस्ट समिट को लेकर उद्योग जगत ने उत्साहजनक रूझान दिखाया
उद्योग विभाग की ACS वीनू गुप्ता ने कहा- ‘‘हाल ही में राजस्थान में हुई इन्वेस्ट समिट को लेकर उद्योग जगत ने उत्साहजनक रूझान दिखाया है। यह एमओयू साइनिंग सेरेमनी हमारी प्रतिबद्धताओं को आगे ले जाने की दिशा में अगला कदम साबित होगी। हम राज्य में परियोजनाओं की स्थापना के लिए अनुकूल और परेशानी रहित वातावरण देने के लिए समर्पित हैं।"
सेक्टर स्पेसिफिक नीतियों का मिल रहा फायदा
प्रदेश सरकार ने पिछले कुछ सालों में इंडस्ट्री लगाने का प्रोसेस आसान बनाने के लिए वन स्टॉप शॉप (ओएसएस) और सेक्टर स्पेसिफिक नीतियां जैसे एनआरआर पाॅलिसी 2022, हस्तशिल्प नीति 2022, एमएसएमई नीति 2022, राजस्थान स्टार्ट-अप नीति 2022, राजस्थान फिल्म टूरिज्म प्रमोशन पॉलिसी 2022, राजस्थान टूरिज्म पाॅलिसी 2020, राजस्थान कृषि व्यवसाय नीति 2019 शुरू की है। जिसका फायदा प्रदेश को लगातार मिल रहा है।