बीते चार दिनों में हुई दो सड़क दुर्घटनाओं में आर्मी और बीएसएफ में तैनात दो भाइयों की मौत हो गई। गांव गरंडवा (तहसील रामगढ़ शेखावाटी, सीकर) के निवासी सालम सिंह ने पुलिस को बताया कि उनके छोटे भाई धर्मेंद्र सिंह (30), जो कश्मीर के डोडा में 10 राष्ट्रीय राइफल्स (RR) बटालियन में तैनात थे, 28 फरवरी को अपने बड़े भाई के निधन के बाद छुट्टी लेकर घर आए थे।
2 मार्च की रात धर्मेंद्र सिंह घंटेल (चूरू) से अपने गांव लौट रहे थे। उनके साथ भतीजा भानुप्रताप सिंह भी कार में था। रास्ते में घंटेल और गाजसर के बीच अचानक एक नीलगाय सड़क पर आ गई, जिससे कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। 108 एंबुलेंस से उन्हें डीबी अस्पताल, चूरू ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने धर्मेंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि भानुप्रताप का इलाज जारी है।
धर्मेंद्र सिंह के बड़े भाई देवीसिंह शेखावत (35), जो सीमा सुरक्षा बल (BSF) में कॉन्स्टेबल थे, की भी चार दिन पहले 26 फरवरी को सड़क हादसे में मौत हो गई थी। देवीसिंह 25 फरवरी को बगड़ में अपनी मौसी की बेटी की शादी में शामिल होने गए थे। शादी के निमंत्रण बांटने के दौरान उनकी बाइक को एक सामने से आ रही गाड़ी ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बड़े भाई के निधन की खबर सुनकर धर्मेंद्र सिंह 28 फरवरी को छुट्टी लेकर गांव आए थे, लेकिन 2 मार्च को उनकी भी सड़क दुर्घटना में जान चली गई। चार दिनों में दो जवान बेटों को खोने के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। धर्मेंद्र सिंह के अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में गांव के लोग और आर्मी के जवान शामिल हुए।