पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच हजार रुपए, एक लैपटॉप और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस लैपटॉप के जरिए सट्टे के हिसाब की जांच कर रही है। इसके लिए साइबर एक्सपर्ट को भी बुलाया गया है।
चित्तौड़गढ़ कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस उप अधीक्षक विनय चौधरी की टीम ने आईपीएल के मैच पर सट्टा लगाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कमरे से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, पांच हजार रुपए और सट्टे से संबंधित हिसाब-किताब बरामद किया गया है। पकड़े गए हिसाब की जांच की जा रही है और आरोपियों से पूछताछ भी जारी है।
विज्ञापन
पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ सुधीर जोशी के निर्देशन में जिले में आईपीएल क्रिकेट मैच के दौरान सट्टा गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में रविवार शाम को पुलिस उप अधीक्षक विनय चौधरी को शहरी क्षेत्र में क्रिकेट मैच पर सट्टा चलने की सूचना मिली। इस पर उन्होंने उच्च अधिकारियों को अवगत करवा कर टीम के साथ कोतवाली थाना क्षेत्र के देहली गेट के पास स्थित छिपा मोहल्ला में कार्रवाई की।
इस दौरान एक मकान पर दबिश दी गई, जिसमें राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के मैच पर सट्टा लगाया जा रहा था। मकान की तलाशी के दौरान टीम ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान विपिन जैन निवासी मंदसौर, दीपेश कोठारी निवासी उदयपुर और इमरान निवासी छिपा मोहल्ला के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से पांच हजार रुपए, एक लैपटॉप और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस मामले में लैपटॉप के जरिए सट्टे के हिसाब की जांच कर रही है। इसके लिए साइबर एक्सपर्ट को बुलाया गया है।