मांगीलाल जारोली ने बताया कि उनके पुत्र कुशल कुमार व सुशील कुमार ने पेट्रोल पंप खोलने के लिए आवेदन किया था, लेकिन लगातार अड़चनें आ रही थीं। ऐसे में उन्होंने भगवान सांवलिया सेठ से मन्नत मांगी, अब कार्य पूरा होने पर चांदी का पेट्रोल पंप भेंट किया है।
भगवान सांवलिया सेठ को भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करने वाले देवता माना जाता है। यही कारण है कि मंदिर में प्रतिदिन आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, साथ ही चढ़ावे में नकद, सोने-चांदी के आभूषण और विशेष भेंट भी बढ़ती जा रही हैं।
विज्ञापन
शनिवार को एक विशेष अवसर पर डूंगला निवासी समाजसेवी एवं व्यवसायी मांगीलाल जारोली अपने परिवार सहित सांवलिया सेठ के दरबार पहुंचे। उन्होंने भगवान को 56 भोग अर्पित किए और अपनी मनोकामना पूर्ण होने पर चांदी से निर्मित पेट्रोल पंप का मॉडल भेंट किया, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
पेट्रोल पंप खोलने की मन्नत हुई पूरी
मांगीलाल जारोली ने बताया कि उनके पुत्र कुशल कुमार व सुशील कुमार ने पेट्रोल पंप खोलने के लिए आवेदन किया था, लेकिन लगातार अड़चनें आ रही थीं। ऐसे में उन्होंने भगवान सांवलिया सेठ से मन्नत मांगी कि कार्य पूर्ण होने पर वे 56 भोग लगाएंगे और चांदी से बने पेट्रोल पंप की प्रतिकृति भेंट करेंगे। कुछ ही समय में बाधाएं दूर हो गईं और बड़ीसादड़ी क्षेत्र में 'सांवलिया फिलिंग स्टेशन' नाम से पेट्रोल पंप का विधिवत शुभारंभ हुआ।
भव्य जुलूस के साथ पहुंचे मंदिर
मन्नत पूर्ण होने पर मांगीलाल जारोली पूरे परिवार और रिश्तेदारों के साथ सांवलिया सेठ के मंदिर पहुंचे। आसावरामताजी रोड स्थित एक निजी होटल से डीजे के साथ भजनों पर नाचते-गाते जुलूस निकाला गया, जो नगर के विभिन्न मार्गों से होता हुआ मंदिर पहुंचा। मंदिर पहुंचने पर राजभोग आरती के बाद ठाकुरजी को 56 भोग धराए गए और चांदी से निर्मित पेट्रोल पंप की छवि भेंट की गई। पूरा मंदिर परिसर "सांवलिया सेठ की जय" के उद्घोष से गूंज उठा।
उपस्थित रहे कई जनप्रतिनिधि
इस अवसर पर सहकारिता मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक गौतम दक, भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गाड़री, बड़ीसादड़ी नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कंठालिया, सांवलिया सेठ मंदिर बोर्ड अध्यक्ष हजारीदास वैष्णव, ओसारा पुजारी, जारोली परिवार के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे। मंदिर समिति द्वारा अतिथियों को उपरणा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।