जिले के निम्बाहेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में देर रात एक भंगार कारखाने और उससे सटी गत्ते की फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि उसकी लपटें कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही थीं। हादसे में दोनों फैक्ट्रियों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। हालांकि समय रहते आग की सूचना मिलने से कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दिनभर बिजली बंद रहने के कारण अधिकांश स्विच बंद थे। देर रात बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद संभवतः शॉर्ट सर्किट या विद्युत फॉल्ट से निकली चिंगारी ने फैक्ट्री में रखे ज्वलनशील सामान को आग की चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास स्थित दूसरी फैक्ट्री तक फैल गई। घटना के समय गत्ते की फैक्ट्री में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, जबकि कुछ मजदूर पास में ही सो रहे थे। उन्होंने आग की लपटें देखकर तुरंत फैक्ट्री मालिक और प्रशासन को सूचना दी।
ये भी पढ़ें: Rajasthan: सिरोही की एंजेल ने कमाल कर दिया, ISRO के मून मिशन के लिए हुआ चयन, अब बनाएगी सैटेलाइट!
सूचना मिलते ही फैक्ट्री मालिक मौके पर पहुंचे और नगर परिषद की फायर ब्रिगेड के साथ-साथ आसपास की औद्योगिक इकाइयों की दमकल गाड़ियों को बुलाया गया। कई दमकल वाहनों और पानी के टैंकरों की मदद से घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। दमकल कर्मियों ने आग को पूरी तरह बुझाने के साथ मलबे को हटाने का कार्य भी किया, ताकि दोबारा आग भड़कने की आशंका न रहे। घटना के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।