चित्तौड़गढ़ जिले के पारसोली थाना क्षेत्र में रूपारेल नदी पर शुक्रवार को पुलिया पार करने के प्रयास में बाइक सवार एक परिवार बह गया। इस दौरान तीन को बचा लिया गया, लेकिन मां और बेटी बह गईं। दोनों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, पारसोली क्षेत्र में बहने वाली रूपारेल नदी में गुरुवार रात और शुक्रवार सुबह हुई भारी बारिश के चलते तेज बहाव था। इस दौरान ग्राम हाड़ा का खेड़ा निवासी घीसुलाल प्रजापति अपनी पत्नी और तीन बच्चों को बाइक पर बिठाकर नदी पार करने लगा। ग्रामीणों के रोकने के बाद वह पुलिया पार करने लगा। तेज बहाव के चलते बाइक असंतुलित होकर नदी में गिर गई और सभी बहने लगे। ग्रामीणों ने घीसुलाल व उसके दो बच्चों को बचा लिया, लेकिन उसकी पत्नी मैना देवी और अबोध बच्ची देखते-देखते बह गईं।
ये भी पढ़ें: मौत का लाइव वीडियो!, जोधपुर-इंदौर बस में आया हार्ट अटैक, चंद मिनट में चालक की मौत; सीसीटीवी में कैद हुई घटना
विज्ञापन
सूचना मिलते ही बेगूं वृताधिकारी अंजलि सिंह, पारसोली थानाधिकारी, उपखंड अधिकारी बेगूं बचाव टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। तेज उफान के कारण बचाव कार्य में परेशानी आई, जिसके बाद एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। बता दें कि मंगलवार रात को भी जिले के राशमी क्षेत्र में बनास नदी में वैन सवार नौ लोग बह गए थे। इनमें से पांच को बचा लिया गया था, जबकि तीन के शव अगले दिन मिले। एक बालिका का शव शुक्रवार शाम तक नहीं मिल सका।
ये भी पढ़ें: SI भर्ती रद्द, पहली बार बोले सीएम शर्मा, कहा- पूर्व मुख्यमंत्री के PSO तक पहुंचा मामला, 'मगरमच्छ' पकड़े जाएंगे