आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर एक कंटेनर से 150 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पकड़ी गई शराब की अनुमानित कीमत 10 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। इस मामले की जांच कंटेनर के नंबर के आधार पर जारी है।
जिला आबकारी अधिकारी गजेंद्र सिंह राजपुरोहित ने बताया कि यह कार्रवाई विशेष अभियान के तहत की गई, जो आबकारी आयुक्त उदयपुर के निर्देशों के तहत चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सहायक आबकारी अधिकारी जगदीशराम विश्नोई के नेतृत्व में गंभीरी नदी की पुलिया के पास नाकाबंदी की गई, जहां एक कंटेनर देखा गया। वाहन का चालक मौके पर नहीं था, इसलिए आबकारी टीम ने ताला तोड़कर कंटेनर की जांच की।
ये भी पढ़ें: Ajmer News: सोशल मीडिया पर आरएएस परिणाम की जाली पोस्ट वायरल, आरपीएससी ने दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
जांच में दवाइयों और खाली कार्टूनों के बीच विभिन्न ब्रांड की शराब बरामद हुई। इसमें नौ कार्टून में व्हिस्की की कुल 108 बोतलें मिलीं, सभी बोतलों पर होलोग्राम हटाए हुए थे और लेबल पर बैच नंबर व एमआरपी काटी हुई थी। 40 कार्टून में दूसरे ब्रांड की कुल 1920 और 50 कार्टून में एक अन्य ब्रांड की कुल 600 बोतलें बरामद हुईं। 51 कार्टून में कुल 2448 पव्वे भी मिले। सभी बोतलों और पव्वों पर For Sale in UT Chandigarh का लेबल लगा हुआ था।
जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि वाहन चालक रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। इस कार्रवाई में नंदकिशोर (आबकारी निरीक्षक, वृत्त कपासन), श्रवण लाल मीणा (प्रहराधिकारी, आबकारी निरोधक दल) और बेगूं मय आबकारी जाप्ता की टीम ने सहयोग किया।